सहारनपुर के चिलकाना से बाइक पर अपने गांव सीकरी खुर्द जा रहे तीन युवकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार की शाम लगभग 7 बजे ग्राम सीकरी खुर्द निवासी 22 वर्षीय उस्मान पुत्र लुकमान उसका भाई शहनवाज पुत्र लुकमान एवं गांव का ही एक युवक मुसाहिद पुत्र मूसा एक बाइक पर चिलकाना से अपने गांव सीकरी खुर्द जा रहे थे।
जैसे ही वे ग्राम पटनी के पास स्थित सत्संग भवन के सामने पहुंचे। तभी सहारनपुर की ओर से तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी की बाइक तो ट्रैक्टर के नीचे फंस गई।
शाहनवाज एवं मुसाहिद सड़क के दूसरी ओर जा गिरे, जबकि उस्मान ट्रैक्टर के नीचे आ गया। ट्रैक्टर का पहिया उसे रौंदते हुए निकल गया। दुर्घटना केे बाद सड़क पर चीख पुकार मच गई। लोगों ने घायलों को उठाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक निजी वाहन से तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उस्मान को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शाहनवाज एवं मुसाहिद का उपचार किया जा रहा है।
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है। बताया गया है कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। यदि वह हेलमेट पहने होता तो उसकी जान बच सकती थी।