सहारनपुर में अलग-अलग हालातों में दो युवकों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सोमवार की सुबह 32 वर्षीय युवक ने मस्जिद में फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। दूसरी घटना में गांव कम्हेड़ा निवासी अभिषेक (18) की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हाे गई। इससे पहले बीती रात नानौता चौक पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कम्हेड़ा गांव निवासी बाइक सवार मदनपाल (60) आढ़ती की मौत हो गई।
घटना - 1
मस्जिद में फांसी के फंदे पर लटका युवक
गंगोह के मोहल्ला कुरैशियान स्थित मस्जिद शाह विलायत में सुबह साढे़ सात बजे एक युवक ने फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। मस्जिद के सीसीटीवी कैमरे में युवक वहां रखी रंग करने वाली सीढ़ी से फंदा बनाने के लिए रस्सी खोलता दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने स्टूल पर चढ़ कर खुद को फांसी लगा ली। कुछ देर बार मस्जिद में पहुंचे लाेगों ने युवक को फांसी पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गंगोह सीओ मुनीश चंद और कोतवाली प्रभारी अविनाश गौतम ने शव को नीचे उतार कर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम पर भेज दिया। युवक की पहचान नहीं हो सकी है।