उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली हाईवे पर एक सब्जी से लदी पिकअप की टक्कर से बाइक सवार मां बेटे की मौत हो गई। परिवार में दो मौतों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं थाना फतेहपुर के दून हाईवे पर ग्राम भटपुरा में बाइक व थ्री व्हीलर की टक्कर में चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना सदर बजार के गांव मनोहरपुर निवासी ओमपाल(40) पुत्र शेर सिंह अपनी माता श्यामो (60) के साथ बाइक से किसी कार्य से थाना नानौता के गांव बनहेड़ जा रहे थे, जैसे ही वह दिल्ली हाईवे पर गांव जंधेड़ा समसपुर व खटकाहेड़ी के बीच पहुंचा तो रामपुर की ओर तेज गति से आ रही सब्जी से भरी पिकअप गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिसमेें पिकअप भी पलट गई।
हादसे में मां बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी विशाल श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पिकअप गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक ओमपाल के पुत्र रवि ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, सोमवार की दुपहर बाद देहरादून रोड पर ग्राम भटपुरा अड्डे पर बाइक व थ्री व्हीलर की टक्कर के बाद थ्री व्हीलर पलट गया। इससे थ्री व्हीलर चालक इलयास (40)पुत्र इल्तमस निवासी मानकमऊ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार जुल्फान पुत्र छोटा निवासी बिहारीगढ़ व दिलशाद निवासी जीवाला गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी भर्ती कराया। जहां से उन्हें गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दोनो वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।
दुर्घटना के बाद पलटा थ्रीव्हीलर- फोटो : SAHARANPUR
सड़क हादसे में घायल- फोटो : SAHARANPUR