दो अलग-अलग इलाकों में घर और मकान में चोरी
चिलकाना/गंगोह। गांव पठेड़ में पुलिस चौकी के पास एक परिवार के दो घरों में घुसकर चोर सोने-चांदी के जेवर निकाल ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, गंगोह में सेंध लगाकर चोरों ने मोहल्ला नजूल स्थित दो दुकानों से हजारों का सामान निकाल लिया।
गांव पठेड़ निवासी मुसर्रत पत्नी मशरूफ ने थाने में तहरीर दी है कि वह अपने परिवार के साथ शनिवार को मायके गांव गाठेड़ा में गई थी। रविवार सुबह जब घर लौटी तो देखा कि घर के ताले टूटे पड़े हैं। मकान के अंदर रखी गोदरेज की अलमारी तथा बक्सेे के ताले भी टूटे हुए हैं। अलमारियों में रखा कीमती सामान गायब थे। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी पांच जोड़ी पाजेब चांदी, 27 ग्राम सोने की पांच अगुठियां, तीन जोड़ी कानों की झुमकी, एक जोड़ी बुंदे, एक जोड़ी कुंडल, एक गले की चेन, चांदी की पेंडल, नाक की तिल्ली तथा सात हजार रुपए नकद गायब थे। मुसर्रत ने बताया कि चोरी गए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये के आसपास है। कार्यवाहक थाना प्रभारी ओमेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
इसी तरह, शनिवार रात चोरों ने मोहल्ला नजूल-बाबूराय की सीमा पर स्थित मंदिर की दुकानों में सेंधमारी कर हजारों का खंगाल लिया। चोरों ने राकेश कुमार की दुकान से गैस सिलिंडर व अन्य सामान निकाल लिया। वहीं, गुजरान निवासी दर्जी का काम करने वाले पृथ्वी की दुकान से सिलाई मशीन व अन्य सामान निकाल ले गए। वारदात की जानकारी रविवार सुबह हुई।