दिल्ली रोड पर गंगोह भाजपा विधायक कीरत सिंह को ज्ञापन सौंपते शिक्षक
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। समस्याओं का निस्तारण नहीं होने से परेशान बेसिक शिक्षकों ने अब जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। इसकी शुरूआत रविवार को कैराना सांसद और रामपुर मनिहारान विधायक को सीएम के नाम का ज्ञापन सौंपकर की।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संदीप पंवार के नेतृत्व में सांसद प्रदीप चौधरी और विधायक किरत सिंह से मिले और उन्हें शिक्षकों ने उन्हें 21 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए निस्तारण कराने की मांग की। पंवार ने बताया कि संगठन प्रेरणा एप से शिक्षकों की उपस्थिति का विरोध करता आ रहा है। पुरानी पेंशन बहाली, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, मृतक आश्रितों की शिक्षक पद पर नियुक्ति, बीमा राशि आठ लाख रुपये करने, संविलियन को समाप्त करने, गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति, एनजीओ के दखल से मुक्ति आदि मांगें कर रहा है। सांसद और विधायक ने उनकी मांग को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। उम्मीद है कि उनकी बात को सुना जाएगा और समाधान होगा। ज्ञापन देने वालों में अरविंद कुमार, राजीव यादव, राकेश पंवार, संजय सैनी, तेजपाल सिंह, सतीश राणा, संजय कुमार, नीरज सैनी, लोकवीर, कामिल गौड़, अरविंद कुमार, अनिल कुमार, राजेश कुमार, अवधेश धीमान आदि शामिल रहे।