सहारनपुर। पंजाब के फिरोजपुर से मुरादाबाद की तरफ जा रही बीएसएफ के जवानों की स्पेशल ट्रेन साढ़े नौ घंटे बाद सहारनपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हो सकी। इस ट्रेन के एसी कोच में वॉश वेसिन और शौचालय में पानी नहीं पहुंचने की समस्या बनी हुई थी।
यह ट्रेन शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। इसके दो एसी कोच में पानी नहीं पहुंच पा रहा था। यदि शौचालय में पानी चलाओ तो बाहर वॉश वेसिन में पानी नहीं पहुंचता था और यदि वॉश वेसिन में पानी चला दें तो अंदर शौचालय में पानी नहीं पहुंच रहा था। इस समस्या के बारे में बीएसएफ के जवानों ने पहले तो अंबाला रेलवे स्टेशन और फिर सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर समस्या का समाधान कराने के लिए रेलवे अधिकारियों से कहा था। सहारनपुर रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों की टीम ने मरम्मत करने का प्रयास भी किया, लेकिन इलेक्ट्रिक मोर्टर खराब होने के कारण समाधान नहीं हो सका था। बाद में काफी प्रयास करने के बाद समस्या दूर हो सकी। इसके चलते रात करीब 9:35 बजे इस ट्रेन को मुरादाबाद की तरफ रवाना किया गया। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन के दो एसी कोच में पानी पहुंचने की समस्या थी, जिसका समाधान करा दिया गया।