सहारनपुर। स्मार्ट रोड बनाने का अव्यवस्थित कार्य लोगों की परेशानी का सबब बन रहा है। कोर्ट रोड पर बाईं तरफ एक महीना से ज्यादा समय से खोदाई कर दी गई, जिसके बाद अब दूसरी साइड में भी खोदाई कर दी है। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। चौपहिया वाहन चालकों तक को कॉलोनियों की संकरी गलियों से होकर गुजरना पड़ा।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत कोर्ट रोड को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने का कार्य करीब तीन माह से चल रहा है। स्मार्ट रोड के कार्य में कभी पाइपलाइन डालने तो कभी सीवर लाइन को लेकर अड़चनें आ रहीं हैं। सड़कों को खोदकर छोड़ा गया है। इससे एक ओर जहां राहगीरों को चलने में परेशानी हो रही है, वहीं स्थानीय व्यापारियों का कारोबार चौपट पड़ा है। इसे लेकर संबंधित व्यापारी कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन कार्य में गति नहीं आ रही है। कोर्ट रोड ओवरब्रिज से पार्श्वनाथ प्लाजा तक पहले एक साइड को खोदकर छोड़ा गया था। शुक्रवार को हाथी गेट के सामने दूसरी साइड पर भी जेसीबी लगा दी गई। एक साथ दोनों सड़कों पर काम चलने से अति व्यस्त इस मार्ग पर राहगीरों के सामने मुसीबत खड़ी हो गई। दिन भर कोर्ट रोड ओवरब्रिज पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। चौपहिया वाहनों तक को गिल कॉलोनी और मिशन कंपाउंड की गलियों से निकाला गया। मिशन कंपाउंड में चर्च के पास गड्ढे में वाहन फंस गया। इससे मिशन कंपाउंड में आने जाने वालों को भी परेशानी हुई।
बरसात भी बन रही रोड़ा
स्मार्ट रोड का कार्य बरसात के दिनों में शुरू किया गया है। तमाम लाइनें अंडरग्राउंड होनी हैं। इसके लिए सड़क को ढाई से तीन फुट तक खोदा गया है। चूंकि बरसात का मौसम है। ऐसे में जब भी बारिश आती है तो काम दो से तीन दिन तक बंद कर दिया जाता है। इसकी वजह से भी कार्य लेट हो रहा है।
धूल के गुबार, बना रहे बीमार
घंटाघर से कोर्ट रोड ओवरब्रिज तक सड़क करीब तीन माह से खोदकर छोड़ी गई है। उधर, रेलवे स्टेशन से कोर्ट रोड ओवरब्रिज को जाने वाली जीपीओ रोड भी सीवर लाइन डालने की वजह से करीब पांच माह से खोदकर छोड़ी गई है। दिन भर वाहनों के चलने से धूल के गुबार उठते हैं। इससे राहगीरों के साथ ही दुकानदार भी धूल से परेशान हैं, जिनको खांसी की तकलीफ हो रही है।
स्मार्ट रोड के निर्माण कार्य में जो अड़चनें थीं वह दूर हो गई हैं। अब गति के साथ कार्य चल रहा है। शुक्रवार को दूसरी साइड पर कुछ काम था, जिसकी वजह से यातायात थोड़ा प्रभावित हुआ है। अब एक साइड को पूरी तरह चालू कर दिया गया है।
- ज्ञानेंद्र सिंह, सीईओ, स्मार्ट सिटी सहारनपुर।
कोर्ट रोड पर सीवर लाइन का कार्य करती जेसीबी।- फोटो : SAHARANPUR