सहारनपुर। महापौर संजीव वालिया ने शनिवार को चिलकाना रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और नाला सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने बरसात से पहले महानगर के सभी नाला और नालियों को ठीक से साफ करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों में गोबर बहाने वाले पशु पालकों और डेयरी संचालकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पार्षद मनोज जैन, मान सिंह जैन, भूरा सिंह प्रजापति व शहजाद मलिक भी रहे। क्षेत्रवासियों और पार्षदों ने महापौर को बताया कि मंडी समिति की दिशा से आने वाले तीन नालों का पानी मुन्नालाल कॉलेज से सट कर बह रहे नाले में गिरता है। नालों में जगह-जगह पानी रुकता है, जिसके कारण नालों में गंदगी और कचरा जमा हो जाता है। पार्षदों और सफाईकर्मियों ने बताया कि आसपास के पशु पालक और डेयरी संचालक गोबर को नालियों में बहाते हैं, जिससे नालियां चॉक रहती हैं। महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन को नालियों में गोबर बहाने वालों को चिह्नित कर एफआईआर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल सिंह ने भी नालों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।