सहारनपुर। सीबीएसई स्कूलों में दसवीं और 12वीं की टर्म-1 की परीक्षाएं 30 नवंबर से शुरू हो रही हैं। एक ओर जहां स्कूल परीक्षाओं के सफल आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं विद्यार्थी भी मेहनत कर रहे हैं। बोर्ड ने परीक्षाओं में कोविड से बचाव की शर्तों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश जारी किए हैं।
जनपद में सीबीएसई के 113 स्कूल हैं, जिनमें दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों की संख्या करीब 22,000 है। इस प्रकार टर्म-1 की परीक्षा में 22,000 विद्यार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए सीटिंग प्लान किया जा रहा है। चूंकि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में सरकार के साथ ही बोर्ड ने भी परीक्षाओं में कोविड से बचाव की शर्तों का पालन कड़ाई से कराने को कहा है। परीक्षार्थियों के साथ ही कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं कर सकेगा। सीटिंग प्लान ऐसा बनाने के लिए कहा गया है, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो। इसके अलावा हाथ धुलाई के लिए हैंड सैनिटाइजर तथा कक्षों को सैनिटाइज कराने को भी कहा गया है, जिससे संक्रमण फैलने का कोई भी गुंजाइश ना रहे।
नई शिक्षा नीति के तहत होंगी परीक्षाएं
केंद्र सरकार ने बीते वर्ष ही नई शिक्षा नीति -2020 को लागू करने की मंजूरी दी थी, जिसमें बोर्ड परीक्षा को सेमेस्टर सिस्टम की तर्ज पर दो टर्म में करने की बात कही थी। इसी के तहत सीबीएसई ने इस बार परीक्षाओं को टर्म-1 और टर्म-2 में कराने का निर्णय लिया है। टर्म-1 की परीक्षाएं 30 नवंबर से शुरू होंगी। प्रत्येक टर्म में 50 फीसदी सिलेबस कवर किया जा रहा है। टर्म परीक्षा मल्टीपल च्वाइस सवालों पर आधारित होगी। इसमें ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल पूछे जाएंगे। चर्चा है कि टर्म-2 का पैटर्न टर्म-1 से अलग होगा, जिसमें बड़े और छोटे दोनों तरह के प्रश्न होंगे।
परीक्षाओं में कोविड की शर्तों का पालन कराने के आदेश हैं। सभी स्कूलों को इसका पालन करने के लिए पहले ही कह दिया गया है। यह केवल छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि स्टाफ और सभी के हित में है।
डॉ. संजीव जैन, प्रधानाचार्य, पाइनवुड पब्लिक स्कूल।