सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) 28 नवंबर को होगी। इसके लिए जनपद में कुल 34 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए जनपद में 31,990 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जो प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा देंगे।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। पहली पाली में सभी 34 केंद्रों पर परीक्षा होगी, जिसमें प्राथमिक स्तर के 18,445 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12:30 से शाम पांच बजे तक चलेगी, जिसमें 24 केंद्रों पर परीक्षा होगी। इसमें उच्च प्राथमिक स्तर के 13,545 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारियां जोरों पर हैं। परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास की सभी फोटो स्टेट की दुकानें और साइबर कैफे बंद रहेंगे। कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा निर्देशों का पालन होगा। यानी बिना मास्क के परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं मिलेगा। सीटिंग प्लान सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखकर करना होगा। परीक्षार्थियों को प्रशिक्षण योग्यता का मूल प्रमाण पत्र लेकर आना अनिवार्य होगा। परीक्षा को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही सचल दल भी गठित किए जा रहे हैं।