सहारनपुर। दीपावली को लेकर श्री बालाजी धाम में श्रद्धाभाव हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसके अलावा लेबर कॉलोनी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा को पूर्णाहुति देकर विश्राम दिया गया।
बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम में अतुल जोशी महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ किया, साथ ही दीपावली की शुुुभकामनाएं देकर राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना की। इससे पूर्व श्री बालाजी महाराज, श्री भैरव महाराज व बाबा प्रेतराज सरकार को चोला अर्पित किया गया। जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। अतुल जोशी महाराज ने सरकार की गाइडलाइन के अनुसार हरित पटाखों के उपयोग करने की अपील की। वहीं, लेबर कॉलोनी में स्वामी कालेंद्रानंद महाराज के सानिध्य में चल रही श्रीमद्भागवत कथा को पूर्णाहुति देकर विश्राम दिया गया, साथ ही भंडारे का आयोजन किया गया। सर्व प्रथम मुख्य यजमान गुलशन धीमान ने श्रीमद्भागवत पुराण का पूजन कर कथा व्यास को तिलक किया। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत पुराण मां राधा व भगवान श्री कृष्ण का वांग्मय स्वरूप है। श्रीमद्भागवत कथा का अनुसरण करने वाले मनुष्य और उसके पूर्वजों का उद्धार होता है। इस दौरान पंडित योगेश तिवारी, आचार्य अजीत शर्मा, पंडित ऋषभ शर्मा, पंडित वेदपाल शर्मा, दिनेश धीमान, रमेश शर्मा, नरेश चंदेल, गीता, पूनम, राखी मौजूद रहे।