सर्किट हाउस में स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक लेते कमिश्नर लोकेश एम
- फोटो : SAHARANPUR
स्मार्ट सिटी के कार्यों में गति लाएं : चेयरमैन
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के चेयरमैन/मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने कहा कि जिन कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, उनके कार्य आदेश जारी कर तुरंत काम शुरू करा दिया जाए। अन्यथा आचार संहिता लगने के बाद परियोजनाओं में अड़चन आ सकती है। वह बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक को संबोधित कर रहे थे। पहले से चल रहे कार्यों को कर रही कार्यदायी संस्थाओं ने कार्य पूर्ण करने के लिए 30 जनवरी तक का समय मांगा है।
मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने बैठक में मौजूद रही स्मार्ट सिटी सहारनपुर की कार्यदायी संस्थाओं जल निगम, यूपी-पीसीएल, आरसीसी व आईसीसीसी के लिए कार्य कर रही कार्यदायी संस्था से अभी तक हुए कार्यों की जानकारी ली। एक-एक कर संस्थाओं के अधिकारियों ने अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उनके सामने रखी। जल निगम के अधिशासी अधिकारी रुचिन यादव ने कहा कि उन्हें दस किलोमीटर का कार्य करना था, लेकिन देरी की वजह से अभी तक केवल तीन किलोमीटर का ही कार्य हुआ है। उन्होंने जनवरी माह में काफी हद तक कार्य पूर्ण कर लेने की बात कही। जल निगम को भुगतान के संबंध में मंडलायुक्त ने कहा कि निरीक्षण टीम द्वारा निरीक्षण करने के बाद भुगतान किया जाए। स्मार्ट रोड का कार्य कर रही आरसीसी को सड़क पर बने मेन हॉल को एक स्तर पर रखने के निर्देश दिए। आरसीसी के अधिकारियों ने जनवरी माह में फुटपाथ में केबलिंग आदि का कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया। पार्कों के सुंदरीकरण का कार्य कर रही संस्था ने भी 30 जनवरी तक छह पार्कों का सुंदरीकरण कर देने की बात कही। चेयरमैन ने जनवरी समाप्त होने से पहले शहर में छह जगहों पर एलईडी स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियोें को कोरोना की तीसरी लहर से सचेत करते हुए कहा कि वह सावधानी के साथ काम करें। सभी अधिकारी और कर्मचारी मास्क का प्रयोग करें और सैनिटाइजर साथ रखें।
बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, स्मार्ट सिटी के सीईओ/नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, एसडीए के उपाध्यक्ष आशीष कुमार, अपर नगरायुक्त राजेश यादव, मुख्य अभियंता निर्माण कैलाश सिंह, अधिशासी अभियंता यातायात अमरेंद्र गौतम, स्मार्ट सिटी कंपनी सचिव शंकर तायल आदि मौजूद रहे।