सहारनपुर। महानगर में एक बार फिर बाइकर्स गैंग सक्रिय हो गया है, जो लगातार वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहा है। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने व्यूह रचना बनानी शुरू कर दी है। तेज तर्रार पुलिसकर्मियों की एक टीम तैयार की जा रही है, जो सादे कपड़ों में रहेगी और उनके निशाने पर सिर्फ बाइकर्स गैंग के सदस्य होंगे।
दरअसल, पिछले दो माह में चेन स्नेचिंग और झपट्टा मारकर लूट करने की 10 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें एक बदमाश भी पकड़ा गया है, लेकिन अन्य वारदातों का खुलासा नहीं हो पाया है। इसीलिए बाइकर्स गैंग को पकड़ने के लिए 11 पुलिसकर्मियों की एक स्पेशल टीम बनाई जा रही है, जिसमें अनुभवी, तेज तर्रार और पूर्व में इन गिरोह पर शिकंजा कसने वाले दो उपनिरीक्षकों व कांस्टेबलों को शामिल किया जाएगा। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में सक्रिय रहेंगे। इसको लेकर एसएसपी आकाश तोमर ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा जनपद प्रत्येक थाने पर भी एक पुलिसकर्मी को इस कार्य में लगाया जाएगा, जो इस टीम के संपर्क में रहेगा।
पहले भी प्रयोग कर चुकी है पुलिस, हुई थी दस-दस वारदातें
जिले में पहले भी बाइकर्स गैंग के सदस्यों ने ताबड़तोड़ वारदातें की है। करीब तीन साल पहले एक दिन में दस घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इसके साथ ही हर दूसरे दिन दो से तीन वारदातें होती थी। तब, पुलिस की ओर से स्पेशल टीम बनाई गई थी, जिसके बाद काफी हद तक इन वारदातों पर शिकंजा कसा था।
यह हुई प्रमुख घटनाएं
- मिशन कम्पाउंड में कारोबारी की पत्नी से चेन लूटी
- भगवती कॉलोनी में सविता से पर्व लूटा
- वर्धमान कॉलोनी में सारिका गुप्ता की चेन तोड़ने की कोशिश हुई
- दिल्ली रोड के शिव विहार में घर के बाहर खड़ी महिला से लूट की कोशिश की
- रेलवे कॉलोनी में रेलवे कर्मचारी से बैग लूटा।
बाइकर्स गैंग को पकड़ने के लिए पुलिस टीम तैयार की जाएगी। अनुभवी पुलिसकर्मियों को इस काम में लगाया जाएगा। पुलिस वारदातों पर अंकुश लगाएगी और घटनाओं का खुलासा भी करेगी। - आकाश तोमर, एसएसपी।