सहारनपुर। विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद नवनिर्वाचित विधायक बने प्रत्याशियों का पहला दिन व्यस्त रहा। किसी विधायक ने सुबह से ही समर्थकों संग पूरा दिन बिताया तो किसी ने मंदिर में जाकर मत्था टेककर पहले प्रभु का आशीर्वाद लिया और इसके बाद लोगों से मुलाकात की। विधायकों के घरों पर लोगों की भीड़ रही, जो शुभकामनाएं देने पहुंचे। इसके साथ ही समर्थकों ने विधायकों के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड किए। लोगों ने माल्यार्पण कर और गुलदस्ता भेंटकर विधायकों का स्वागत भी किया।
गुंबर समर्थकों ने ही नींद से जगाया, मां शाकंभरी देवी का लिया आशीर्वाद
सहारनपुर शहर सीट से भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक राजीव गुंबर बृहस्पतिवार की रात ढाई बजे सोए थे। उन्हें शुक्रवार की सुबह छह बजे ही समर्थकों ने जगा दिया। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इसके बाद राजीव गुंबर मंदिर गए और फिर आकर समर्थकों के साथ मुलाकात की। अपने गोविंदनगर स्थित आवास पर वह समर्थकों से घिरे रहे। उन्होंने बताया कि सभी वर्गों के लोगों का समर्थन और आशीर्वाद उन्हें मिला है। दोपहर के समय राजीव गुंबर समर्थकों के साथ मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए गए। विधायक राजीव गुंबर ने जीतने पर सभी का आभार जताया।
समर्थकों से घिरे रहे किरत
गंगोह से जीते भाजपा नवनिर्वाचित विधायक किरत सिंह दिल्ली रोड स्थित अपने आवास पर सुबह छह बजे से ही समर्थकों के साथ घिरे रहे। उनके घर पर लोगों की भीड़ रही। सबसे पहले किरत सिंह ने तहसील शिव मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लिया। बड़ी संख्या में लोग बधाई देने के लिए उनके घर पहुंचे। उन्होंने सभी का आभार जताया। इसके बाद वह अपने क्षेत्र गंगोह में समर्थकों से मुलाकात करने के लिए निकल गए। पूरे दिन समर्थकों के साथ उनका दिन बीता।
निम के घर पूरे दिन रही भीड़
रामपुर मनिहारान से दूसरी बार जीते भाजपा नवनिर्वाचित विधायक देवेंद्र निम के चंद्रनगर स्थित आवास पर भी सुबह पांच बजे से समर्थकों की भीड़ लगी रही। पूरे दिन लोग देवेंद्र निम के घर लोग पहुंचते रहे, जो प्रदेश में सरकार बनने के साथ ही निम की जीत पर उन्हें साधुवाद देते रहे। लोगों ने माल्यार्पण कर भी निम का स्वागत किया। विधायक पूरा दिन अपने समर्थकों और क्षेत्र की जनता के बीच बीता।
ब्रिजेश सिंह ने बाला सुंदरी मंदिर जाकर लिया आशीर्वाद
देवबंद विधायक कुंवर बृजेश सिंह ने शुक्रवार की सुबह शक्तिपीठ मां श्री त्रिपुर बाला सुंदरी देवी मंदिर में जाकर मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। दोपहर 12 बजे के बाद गांव जड़ौदाजट में उनके आवास पर दिनभर शुभकामनाएं देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। विधायक ने कहा कि उन्हें हर वर्ग व समाज का वोट मिला है। दूसरी बार लोगों ने फिर से उन पर जो भरोसा जताया है, उसे कभी टूटने नहीं देंगे। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विजय त्यागी, देहात मंडल अध्यक्ष सुमित कश्यप, नगराध्यक्ष विपिन गर्ग, अरुण गुप्ता मौजूद रहे।
मुकेश घर पहुंचते रहे लोग
शहर के अहमदबाग स्थित नकुड़ से पहली बार जीते भाजपा विधायक मुकेश चौधरी के घर भी पूरे दिन लोग पहुंचते रहे। सुबह उठकर सबसे पहले मुकेश चौधरी ने पूजा अर्चना की। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके घर पर परिवार के लोगों से मिलकर समर्थक बधाई देते रहे। मुकेश चौधरी ने फोन पर बताया कि वह जनता के बीच रहे और भविष्य में क्षेत्र की जनता से किए सभी वायदों को पूरा कराएंगे।
उमर ने परिजनों का लिया आशीर्वाद
बेहट से सपा के नवनिर्वाचित विधायक उमर अली खान ने परिजनों का आशीर्वाद लिया। सुबह आठ बजे से ही उमर अली खान भी समर्थकों से घिरे रहे। उनके बेहट रोड स्थित आवास पर समर्थकों की भीड़ रही। इसके साथ ही शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा की और अल्लाह का शुक्रिया अदा किया। उमर अली खान ने कहा कि उन्हें जनता का भरपूर प्यार मिला वह सबके आभारी है। बृहस्पतिवार की देर रात दो बजे तक समर्थकों की भारी भीड़ उनके घर पर उमड़ी रही।
मलिक ने किया धन्यवाद, समर्थकों संग बीता दिन
सहारनपुर देहात विधान सभा सीट से सपा के नवनिर्वाचित विधायक आशु मलिक गागलहेड़ी में मुजफ्फरनगर रोड स्थित आवास पर सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। विधायक आशु मलिक ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा की सभी लोगों ने अपना वोट देकर उन्हें विजयी बनाया है। अब वो भी क्षेत्र के विकास में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। जनता से किए एक-एक वायदे को पूरा करेंगे। आशु मलिक भी पूरे दिन समर्थकों से घिरे रहे।
बेहट रोड़ आवास पर जीते के बाद बेहट से सपा के नवनिर्वाचित विधायक उमर अली खान बधाई देते कार्यकर्ता- फोटो : SAHARANPUR
दिल्ली रोड़ आवास पर जीत के बाद गंगोह भाजपा विधायक कीरत सिंह को मिठाई खिलाते कार्यकर्ता- फोटो : SAHARANPUR
नकुड़ से जीत के बाद अहमद बाग आवास पर भाजपा के मुकेश चौधरी के भाई को फूल भेंट करते कार्यकर्ता- फोटो : SAHARANPUR
देवबंद के बाला सुंदरी मंदिर में जीत के बाद आशीर्वाद लेते भाजपा विधायक ब्रिजेश सिंह- फोटो : SAHARANPUR
चन्द्र नगर आवास पर जीत के बाद पूजन करते रामपुर मनिहारन भाजपा विजयी देवेंद्र निम- फोटो : SAHARANPUR
चन्द्र नगर आवास पर जीत के बाद परिवार के साथ जश्न मनाते रामपुर मनिहारन भाजपा विजयी देवेंद्र निम- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर नगर में भाजपा के राजीव गुंबर की जीत के बाद गोविन्द नगर विधायक को उठाकर जश्न मनाते भाजपा ?- फोटो : SAHARANPUR