शाकंभरी में माता के दर्शनों को पहुंचे श्रद्वालु
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी पर शुक्रवार को शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने चिलचिलाती धूप में लाइन में लगकर जगत जननी मां भगवती के दर्शन कर मन्नतें मांगीं।
शिवालिक पर्वत मालाओं में स्थित सिद्ध पीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर इन दिनों करुणामयी मां के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। भक्तों की अटूट आस्था देखते ही बन रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विख्यात सिद्ध पीठ पर हर वर्ष माता के दर्शनों के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
शुक्रवार को दूसरे नवरात्र पर मां भगवती के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां के भक्तों ने घंटों लाइनों में लगकर मां भगवती को शीश नवाकर प्रसाद चढ़ाया और परिवार एवं विश्व कल्याण की कामना की। चिलचिलाती धूप मां के भक्तों की आस्था को नहीं डिगा सकी। मां के दरबार में पहुंचे श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए गगनभेदी जयकारों से मंदिर परिक्षेत्र ही नहीं बल्कि शिवालिक पर्वतमालाएं भी गूंज उठी। भीड़ का आलम यह था कि एक बार श्रद्धालुओं की लाइन शंकराचार्य आश्रम से आगे रैन बसेरा तक जा पहुंची थी। हालांकि पूरे ट्रैफिक को भूरादेव से पूर्व ही शाकंभरी खोल में रोक दिया गया था और वहां से श्रद्धालु पैदल ही मां के भवन तक जा रहे थे।
भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट गए श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर परिक्षेत्र में शंकराचार्य आश्रम, अग्रवाल धर्मशाला सहित जगह जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। कई स्थानों पर तो श्रद्धालु खुले में ही टेंट लगाकर भंडारों का आयोजन कर रहे हैं। मंदिर व्यवस्थापक राणा आदित्य प्रताप सिंह द्वारा कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। मेला परिसर में मेले में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल के साथ कोतवाली प्रभारी मिर्जापुर अजय श्रोतीय, एसएसआई सतीश यादव एवं मेला प्रभारी विंध्याचल तिवारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
शाकंभरी में माता के दर्शनों को कतार में लगे श्रद्वालु- फोटो : SAHARANPUR