बुधवार को भी कर वसूली के लिए निगम अधिकारियों ने चलाया अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कर वसूली के लिए निकले नगर निगम के अधिकारियों ने बुधवार को एक स्कूल सहित आठ भवनों को सील कर दिया। हालांकि स्कूल संचालक द्वारा कर भुगतान करने के बाद सील खोल दी गई। इसके अतिरिक्त 50 से अधिक भवनों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर नगर निगम के अधिकारियों ने गलीरा रोड, हबीबगढ़ व कामधेनु कॉम्प्लेक्स में कईं फैक्टिरियों पर बकाया जमा नहीं करने पर सील लगाई। कामधेनु कांप्लेक्स में करीब आधा दर्जन भवनों को सील किया गया। कुछ भवन स्वामियों ने बकाया जमा कराने के लिए और समय की मांग की। वहीं, अधिकारियों ने उनकी नहीं सुनी। गलीरा रोड स्थित एक इंग्लिश मीडियम स्कूल को भी कर नहीं चुकाने पर सील किया गया, लेकिन प्रबंधक ने चेक के माध्यम से कर मौके पर ही चुका दिया। इसके बाद सील खोल दी गई। हबीबगढ़ में भी दो दुकानों को सील करने के अतिरिक्त बकायेदारों के भवनों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रवीश चौधरी ने बताया कि बुधवार को 50 से ज्यादा भवनों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए हैं। आठ भवन सील किए गए हैं जबकि चार लाख रुपये से ज्यादा की वसूली की गई। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी, कर अधीक्षक विनय शर्मा, सुधीर शर्मा आदि मौजूद रहे।