उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गुरुवार को एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर सुनते ही युवक की चाची ने भी दम तोड़ दिया। वहीं एकसाथ दो मौतों से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार जनपद के गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव अघ्याना निवासी आदित्य पुत्र श्यामकुमार त्यागी (17वर्ष) अपने छोटे भाई के साथ छपार गांव (मुजफ्फरनगर) में अपनी बुआ के यहां गया था।
मृतक के चचेरे भाई हिमांशु ने बताया कि बुधवार को आदित्य अपने एक साथी कन्हैया के साथ वापस अपने गांव में आ रहा था, तो कुछ दूर चलते ही देवबंद - छपार मार्ग पर उसकी बाइक की टक्कर सामने से आ रहे ट्रक के साथ हो गई। इसमें आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: इस थूक में दम है: मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब का महिला के सिर पर थूकते हुए वीडियो वायरल
घायल युवक ने मोबाइल फोन पर घटना की जानकारी आदित्य के परिजनों को दी। दुर्घटना की सूचना पाते ही मृतक के परिजन मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसे चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया।
हिमांशु ने बताया कि कन्हैया का इलाज गाजियाबाद किसी हॉस्पिटल में चल रहा है। हिमांशु ने बताया कि मृतक युवक शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह से पॉलिटेक्निक में पहले वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसने बताया कि आदित्य भविष्य में इंजीनियर बनना चाहता था। आदित्य की मृत्यु पर हर किसी की आंख नम थी।