फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur: पश्चिम बंगाल के मंत्री सिद्दीकउल्लाह ने योगी सरकार पर साधा निशाना, देवबंद में कही ये बड़ी बात

Sat, 29 Oct 2022 10:47 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, सहारनपुर

सार

Saharanpur: पश्चिम बंगाल के कैबिनेट मंत्री सिद्दीकउल्लाह ने योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शनिवार को देवबंद में यह बड़ी बात कही।
विज्ञापन
सद्भावना संसद में शामिल धर्मगुरू - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल सरकार के कैबिनेट मंत्री मौलाना सिद्दीकउल्लाह चौधरी ने कहा कि हम हिंदुस्तानी हैं और हिंदुस्तान हमारा मुल्क है। अगर इस मुल्क से मोहब्बत है तो एकजुट होकर रहो। क्योंकि वर्तमान हालात में अगर किसी चीज की सबसे ज्यादा जरूरत है तो वह आपसी सौहार्द और भाईचारा है। 

विज्ञापन


देवबंद में शनिवार को जमीयत की सद्भावना संसद में शिरकत करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सिद्दीकउल्लाह चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हिंदुस्तान से अच्छा कोई और मुल्क नहीं है। हिंदू और मुसलमान दोनों ही यह जानते हैं कि उनके लिए कोई दूसरा मुल्क नहीं है। इसलिए जो सांप्रदायिक ताकतें देश को तोड़ने की कोशिश कर रहीं हैं और हमारे बीच नफरत की खाई बना रहीं हैं, उन्हें मिलजुलकर ही मुंहतोड़ जवाब दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देशभर में उत्तर प्रदेश मीडिया की सुर्खियां बना रहता है, यहां के हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यूपी में सांप्रदायिक भेदभाव का बढ़ना चिंता का विषय है। सिद्दीकउल्लाह चौधरी ने मदरसों के सर्वे पर कहा कि भारत के संविधान ने सभी को धार्मिक शिक्षा ग्रहण करने का अधिकार दिया हुआ है। संविधान ही अधिकार देता है कि हर कोई अपने धर्म के मुताबिक जिंदगी गुजारे। दीनी इदारे भी इसी संविधान के तहत शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वे के नाम पर इन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है, लेकिन साजिश रचने वालों को इसमें कामयाबी नहीं मिलेगी।

सर्वधर्म के लोगों ने मुल्क को कराया था आजाद : धर्मगुरु 
जमीयत उलमा-ए-हिंद की सद्भावना संसद में सभी धर्मों के गुरुओं ने शिरकत की। हर किसी ने आपसी सौहार्द और देश में अमन और एकता का संदेश दिया। इस दौरान मुल्क की आजादी में सभी धर्मों के लोगों ने इंकलाब जिंदाबाद के नारे के साथ जिस तरह अपने प्राणों की आहुति दी। इसका जिक्र करते हुए सभी से मुल्क को टूटने से बचाने का आह्वान किया गया। 
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: अजूबाः गाय ने दिया ऐसे बछड़े को जन्म, दो मुंह-चार आंख और तीन कान देख हैरत में लोग, खास हैं तस्वीरें

शनिवार को ईदगाह रोड स्थित महमूद हॉल में आयोजित जमीयत की सद्भावना संसद में दारुल उलूम की मजलिस-ए-शूरा के सदस्य, बंगाल जमीयत के प्रदेशाध्यक्ष व ममता सरकार के कैबिनेट मंत्री मौलाना सिद्दीकउल्लाह चौधरी ने मुल्क के वर्तमान हालात को अफसोसनाक बताया। उन्होंने कहा कि भाईचारे और एकता को मजबूत बनाने में देवबंद ने हमेशा मुख्य भूमिका निभाई है। एक बार फिर देवबंद की बड़ी जिम्मेदारी है कि वह देश और दुनिया में अमन शांति की स्थापना के लिए अपना वही रोल अदा करें। 

दारुल उलूम के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना मुफ्ती सलमान बिजनौरी ने कहा कि इस्लाम ने हमेशा से अमन और शांति का पैगाम दिया है। यहां से तालीम हासिल करके दुनिया के कोने-कोने में जाने वाले छात्र भी इस अमन के पैगाम को आम कर रहे हैं।

जमीयत के महासचिव मौलाना हकीमुद्दीन कासमी ने कहा कि देवबंद से उठी आवाज देश ही नहीं बल्कि दुनिया में सुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि नफरत के माहौल को खत्म करने के लिए 12 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। जिसमें छह मुस्लिम और छह गैर मुस्लिम लोगों को इसमें रखा गया है। जो नफरत के दौर को समाप्त करने का काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: 400 लोगों के धर्मांतरण का मामला: तीन महिलाओं को भेजा जेल, थाने में जमकर हंगामा, देखिए तस्वीरें
विज्ञापन

एसपी देहात सूरज रॉय ने कहा कि सद्भावना संदेश जरूरी है। समय समय पर इस तरह के कार्यक्रम समाज के बीच में फैल रही दूरियों को खत्म करने में बेहद कारगर साबित होंगे, साथ ही इससे देश की परंपरागत संस्कृति को जिंदा रखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस भी आपसी सौहार्द बनाए रखने की दिशा में काम करती है। जिसके अच्छे परिणाम सामने आते हैं।

एसडीएम संजीव कुमार और सीओ रामकरण सिंह ने कहा कि देवबंद ने हमेशा देश की गंगा जमुनी तहजीब को मजबूत करने का काम किया है। यहां की आवाज को पूरी दुनिया में सुना जाता है यह एक बेहतरीन कोशिश है जिससे समाज के अंदर फैली दूरियां खत्म होगी और एक अच्छा संदेश जाएगा। व्यापारी नेता दीपकराज सिंघल व अशोक गुप्ता ने कहा कि आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। क्योंकि एकता और भाईचारे के साथ रहेंगे तो सौहार्द मजबूत होगा। 

इन्होंने भी रखे विचार
जमीयत के जिलाध्यक्ष मौलाना जहूर अहमद, कार्यक्रम संयोजक जहीन अहमद, परविंद्र चौधरी, नजम उस्मानी, कारी इब्राहीम, डॉ. डीके जैन, विनोद प्रकाश गुप्ता, डॉ. प्रदीप वर्मा, सेठ कुलदीप कुमार, चंदन सिंह राणा, राजकिशोर गुप्ता, आदि ने देश में अमन शांति और भाईचारे को समय की जरूरत बताया, साथ ही जमीयत के प्रयास की सराहना की। अध्यक्षता मौलाना जहूर व संचालन वरिष्ठ लेखक सैयद वजाहत शाह ने किया। 

यह रहे शामिल
जमीयत उलमा-ए-हिंद के जिला सचिव मौलाना इब्राहिम कासमी, मुस्लिम फंड ट्रस्ट के मैनेजर सुहैल सिद्दिकी, मौलाना शमशीर कासमी, फैजी सिद्दीकी, अशोक कुमार, मुफ्ती आरिफ कासमी, मनीष, मौलाना मोहम्मद मदनी, अहसान मलिक, कारी अब्दुल सत्तार, राव मेहरबान, जीशान, अकरम, महेंद्र कुमार,  कारी जुबैर अहमद कासमी, सभासद प्रतिनिधि हारिस सैयद आदि मौजूद रहे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें