उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार देर शाम मुजफ्फरनगर हाईवे पर सीड़की के पास डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस द्वारा युवक का पोस्टमार्टम कराया गया है। दूसरी घटना में सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर दूसरी कार से टकराते हुए पलट गई। हादसे में कार सवार महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देवबंद थाना क्षेत्र के गांव भाटौल निवासी धर्मा (30) पुत्र अतरू पत्नी के साथ बाइक द्वारा गागलहेड़ी से वापस अपने गांव आ रहा था। सीडकी पेट्रोल पंप के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल और सर्विस रोड के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। इससे वह सिर के बल सड़क पर जा गिरे तथा उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय भिजवाया। जबकि उनकी पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया। युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
दूसरी घटना में दिल्ली निवासी प्रणव तथा अदनान एक महिला के साथ कार द्वारा दिल्ली से नैनीताल जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे नागल के पास मोड़ पर चालक अदनान कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर पर चढ़ कर दूसरी तरफ से आ रही कार से टकरा कर पलट गई।
इससे कार सवार तीनों घायल हो गए। जबकि दूसरी कार सवार गाजियाबाद के सुराणा निवासी राजन फौजी को भी मामूली चोट आई। उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह सवेरे सड़क पर हुई दुर्घटना में तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण सड़क की ओर दौड़ पड़े तथा दोनों कारों में सवार घायलों को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी भी घटना में तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर आती तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।