देवबंद से पकड़े गए ईनामुलहक सहित तीन आरोपियों को लेकर एटीएस ने बड़ा किया खुलासा किया है। एटीएस की जांच में सामने आया कि ईनामुलहक झारखंड का रहने वाला है और वह सोशल मीडिया के माध्यम से जेहाद के प्रति युवाओं को आकर्षित करता था।
एटीएस (आतंकवाद विरोधी दस्ता) ने तीन दिन पूर्व देवबंद से गिरफ्तार किए गए तीन संदिग्ध युवकों में से एक इनामुलहक राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल था और उसके तार लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे। एटीएस ने उसके खिलाफ थाना देवबंद में रिपोर्ट दर्ज कराकर उसे जेल भेज दिया है। उसके दो साथियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
एटीएस ने बताया कि इनामुलहक गांव पटना थाना गवा जनपद गिरडीह झारखंड का निवासी है और विभिन्न धार्मिक स्थानों पर विस्फोट की घटना को अंजाम देने की कोशिश में था। वह सोशल मीडिया और एक व्यक्ति के माध्यम से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के संपर्क में था और उनसे हथियार व ट्रेनिंग प्राप्त करना चाहता था।
बताया गया कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश के लोगों से जिहाद के संबंध में जुड़ा था। उससे एक आधार, दो पैन कार्ड, एटीएम, चार सिम, एक मोबाइल फोन और मैमोरी कार्ड बरामद हुए हैं। उसके साथी मोहम्मद फुरकान व नबील खान निवासी मुजफ्फरनगर के खिलाफ आईपीसी की धारा (108) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।