मोबाइल की दुकान में दो सप्ताह पूर्व हुई थी 15 लाख की चोरी
तीन टीमें लगी, पुलिस को नहीं मिल रहा बदमाशों का सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। घंटाघर के नजदीक मोबाइल फोन की दुकान में 15 लाख की चोरी करने वाले बदमाशों को सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद पुलिस पकड़ नहीं पा रही है। वारदात के खुलासे के लिए तीन टीमें लगी हैं, लेकिन बदमाशों का पुलिस सुराग नहीं लगा पा रही है।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में कोर्ट रोड पर हनुमान मंदिर व घंटाघर के नजदीक 15 दिन पहले रामनगर पठानपुरा निवासी संदीप सिंघल की मोबाइल फोन की दुकान के शटर उखाड़कर चोरों ने 15 लाख कीमत के नए मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी में चोरों की तस्वीर कैद हुई थी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। इस मामले में कोतवाली सदर बाजार के अलावा सर्विलांस, क्राइम ब्रांच और स्वॉट टीम को लगाया गया था, लेकिन सीसीटीवी में चोरों की तस्वीर कैद होने के बावजूद पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है।
कईयों से की पूछताछ
पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस को एक गिरोह के शामिल होने की सुबूत मिले थे, लेकिन पता लगा इस गिरोह के सदस्य नेपाल के रहने वाले हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाई। वहीं, सूत्रों का कहना है कि आरोपी नेपाल भाग गए।
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। शातिर चोर पुलिस से नहीं बच पाएंगे। - राजेेश कुमार, एसपी सिटी