सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल की बैठक में पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते रेट पर रोष जताया गया। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में पांच अप्रैल को धरना, प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया तो आम आदमी का जीवन दूभर हो जाएगा।
शनिवार को हकीकत नगर स्थित कैम्प कार्यालय पर आयोजित बैठक में वरिष्ठ रालोद नेता चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि सरकार विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही डीजल और पेट्रोल के भाव में लगातार बढ़ोत्तरी कर रही है। लगातार बढ रही महंगाई का किसानों से लेकर कारोबारियों पर विपरीत असर पड रहा है। आम आदमी के सामने भी जीवन यापन करना चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने डीजल और पेट्रोल के बढे़ रेट तत्काल वापस नहीं लिए तो पांच अप्रैल को रालोद कार्यकर्ता हकीकत नगर धरना स्थल पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। युवा इकाई के महानगर अध्यक्ष रिंकू सोनकर और अरविंद मलिक आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान सतीश चौधरी, राजन, पंकज कुमार, नरेंद्र सिरोही, बबलू, मुकेश पप्पू, दीपक जाटव, सोनू वाल्मीकि, विपिन कुमार, सपन कुमार, मिंटू तोमर, देवेंद्र पंवार आदि मौजूद रहे।