तीज पर बाजार में तैयारी, महिलाओं में उत्साह
सहारनपुर। तीज पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। कपड़ों, सौंद्रर्य प्रसाधन और मिठाइयों की दुकानों पर महिलाएं खरीदारी कर रही हैं। हालांकि, पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार बाजार में कारोबार कम है।
पवित्र श्रावण मास चल रहा है। शनिवार को तीज पर्व मनाया जाएगा, जिसको लेकर महिलाओं में उत्साह नजर आ रहा है। होटलों में तीज पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा पार्कों सहित घरों में झूला डालने की परंपरा को भी पूरा किया जाएगा। कार्यक्रमों को लेकर होटलों में पहले से बुकिंग कराई गई है।
इसके साथ तीज पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। चौकी सराय स्थित सौंद्रर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाएं चूड़ी, मेहंदी, कंगन और मेकअप के अन्य सामान खरीद रही हैं। इसके अलावा कोर्ट रोड, नेहरू मार्केट, रायवाला बाजार, शहीदगंज में कपड़ों की दुकानों पर भीड़ है। गर्मी को देखते हुए सूती साड़ियों और सूटों को ज्यादा पसंद किया जा रहा है। हलवाई अट्टा, कोर्ट रोड, घंटाघर और दिल्ली रोड स्थित मिठाइयों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ है। तीज को लेकर दुकानदारों ने अलग-अलग तरीके से घेवर तैयार कराए हैं, जिनकी कीमत 150 रुपये से लेकर 550 रुपये प्रति किलो तक है। लोगों द्वारा सबसे ज्यादा घेवर की ही खरीददारी की जा रही है।
पहले के मुकाबले कम है कारोबार
सहारनपुर। व्यापारियों का कहना है कि तीज को लेकर महिलाओं में उत्साह तो नजर आ रहा है, लेकिन पिछले वर्ष की अपेक्षा कारोबार कम है। कोर्ट रोड के कपड़ा कारोबारी अजय कुमार ने बताया कि हर वर्ष तीज पर उनके शोरूम में भीड़ लग जाती थी, लेकिन इस बार ग्राहक बहुत कम है। चौकी सराय के सौंद्रर्य प्रसाधन सामान के कारोबारी असगर का कहना है कि महिलाएं मेकअप के सामान की खूब खरीदारी कर रही हैं। सबसे ज्यादा मेहंदी और चूड़ियों की बिक्री हो रही है। पुराने शहर स्थित पंजाबी मार्केट के कारोबारी पवन का कहना है कि इस बार कारोबार न के बराबर है। हलवाई अट्टे के मिठाई कारोबारी शिवेंद्र कपूर और घंटाघर के कारोबारी विजय खुराना का कहना है कि तीज पर सबसे ज्यादा मांग घेवर की बिक्री है। इसलिए मावे और मेवों के अलावा साधा घेवर भी तैयार कराया गया है, जिसकी कीमत 150 से 550 रुपये प्रति किलो है।
घंटाघर स्थित मिठाई की दुकान पर सजे घेवर।- फोटो : SAHARANPUR
घंटाघर स्थित एक दुकान पर सजे घेवर।- फोटो : SAHARANPUR