पुलिस द्वारा पकड़े आरोपी और बरामद बाइक
- फोटो : SAHARANPUR
पुलिस ने तीन वाहन चोर पकड़े 11 बाइक बरामद
नकुड़ (सहारनपुर)। पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 11 बाइक, दो तमंचे व दो कारतूस बरामद किए हैं। जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।
बृहस्पतिवार को सीओ अरविंद सिंह पुंडीर ने प्रेसवार्ता कर बताया कि बुधवार की रात पुलिस टीम अंबेहटा चौकी क्षेत्र के गांव मोहद्दीनपुर तिराहे के पास दो बाइकों पर आ रहे चार युवकों को रोकना चाहा तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन को दबोच लिया जबकि एक फरार हो गया। सीओ ने बताया कि मौके पर मिली दोनों बाइकों की जांच पड़ताल की तो वह चोरी की मिली। तलाशी के दौरान दो तमंचे व दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस तीनों आरोपियों को कोतवाली ले आई और पूछताछ की तो आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उक्त आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की अन्य नौ बाइक बरामद की गई। कोतवाल एचएन सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी हर्ष उर्फ छांगा निवासी गांव सढ़ौली, मोनू पुत्र कंवरपाल निवासी गांव पिलखना थाना नकुड़ तथा विक्रांत पुत्र संजय निवासी गांव इस्माइल नगर थानाभवन जनपद शामली शातिर किस्म के वाहन चोर हैं, जो कि करीब एक वर्ष से विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी कर बेचते थे। उक्त तीनों का आपराधिक रिकार्ड जुटाया जा रहा है। बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।