हसनपुर से जुलूस लेकर कलेक्ट्रेट धरना प्रदर्शन कर जाते मेडिकल कॉलेज से निकाले गये कर्मी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नौकरी पर बहाल करने की मांग को लेकर राजकीय मेडिकल कालेज में कोविड -19 के दौरान कार्यरत आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कालेज में कार्यरत 226 आउट सोर्सिंग कर्मचारियों को बिना किसी कारण के निकाल दिया है। उन्होंने एडीएम एफ रजनीश मिश्र को ज्ञापन सौंपा।
बृहस्पतिवार आउट सोर्सिंग कर्मचारी जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए हसनपुर चौक से कलक्ट्रेट पहुंचे। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों ने आपातकालीन स्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बगैर देश हित में काम किया। उस समय उच्चाधिकारियों ने वादा किया था कि उन्हें बाहर नहीं निकाला जाएगा। अब हमें नौकरी से निकाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके स्थान पर पैसे लेकर नए स्टॉफ को रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उप जिलाधिकारी के कहने के बावजूद प्रधानाचार्य ने नौकरी से निकालने की वजह संबंधी कोई पत्र नहीं दिया है। इस दौरान सपा नेता संजीव दुर्जन, पीजीआई संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह, सचिव शुभम शर्मा, दिनेश कुमार, रविन्द्र, नितिन कुमार, अंजू देवी, निशा रानी, विशाल, राहुल कुमार, पिंकू कुमार, अर्जुन, सचिन महिवाल, विकास कुमार, श्रवण आदि मौजूद रहे।