सहारनपुर। प्रदेश की योगी सरकार के बजट को जहां सपा, कांग्रेस, बसपा ने झूठ का पुलिंदा बताया है। वहीं, भाजपा नेताओं ने सराहना की है। भाजपा नेताओं का कहा कि इस बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है और प्रदेश विकास में नए आयाम स्थापित करेेगा।
बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि किसानों को मुफ्त बिजली देना का वादा झूठ निकला है। किसानों की आय दुगनी करने के वायदा भी हवा-हवाई साबित हुआ। महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। जनपद के लिए बजट में कोई घोषणा नहीं हुई है। योगी सरकार का बजट झूठ और जनता को गुमराह करने वाला है।
सपा जिलाध्यक्ष रागिब अंजुम ने कहा कि भाजपा सरकारों का काम सिर्फ झूठ बोलना है। इनकी सरकार के बजट में भी यही दिख रहा है। देवबंद में एटीएस सेंटर बनाने की घोषणा की गई थी, लेकिन बजट में कुछ नहीं दिया गया। पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल में सुविधाएं बढ़ाने के लिए भी बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया। चुनाव से पूर्व घोषणा पत्र में किए वायदे भी झूठे निकले हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली ने कहा कि प्रदेश सरकार के बजट से हर वर्ग को निराशा ही मिली है। कोरोना काल की वजह से व्यापारियों और आमजन पहले ही आर्थिक रूप से कमजोर हो चुका है, लेकिन सरकार ने जनता को राहत देने वाला कोई काम नहीं किया है। बजट व्यापारियों, शिक्षकों, पिछड़ों, अति पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के साथ ही कामगार वर्ग के हित में न होकर केवल झूठी घोषणाओं वाला है।
राष्ट्रीय लोकदल वरिष्ठ नेता चौधरी नीरपाल सिंह का कहना है कि सरकार का बजट प्रदेश की जनता के लिए नाकाफी है। किसानों के लिए सिंचाई की बिजली मुफ्त दिए जाने की बात कही गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किसानों के लिए यूरिया, कीटनाशक दवाओं एवं बीजों पर भी सब्सिडी की घोषणा नहीं की गई। गन्ना भुगतान पर पर किसानों को ब्याज सहित भुगतान की कोई घोषणा नहीं की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी का कहना है कि सरकार ने बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा है। शिक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य क्षेत्र सहित सभी के लिए अनेक घोषणाएं की हैं। इस बजट से प्रदेश विकास में नए आयाम स्थापित करेगा। प्रदेश सरकार के बजट से जनता में खुशी की लहर है, जिससे विपक्ष बौखलाया हुआ है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डा महेन्द्र सैनी- फोटो : SAHARANPUR
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली- फोटो : SAHARANPUR
सपा जिलाध्यक्ष रागिब अंजुम- फोटो : SAHARANPUR
सांसद हाजी फजलुर्रहमान- फोटो : SAHARANPUR