सहारनपुर/रामपुर मनिहारान। किसी भी गांव का प्रधान विकास की धुरी होता है, इसीलिए मुंशी प्रेमचंद्र ने भी इन्हें पंच परमेश्वर नाम दिया था। कुछ ऐसी ही विकास की इबारत विकासखंड रामपुर मनिहारान की ग्राम पंचायत चकवाली की ग्राम प्रधान लिख रही हैं। गांव की सूरत बदली है। स्कूलों में पढ़ाई के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। सामुदायिक शौचालय के साथ ही 30 सड़कों का निर्माण कराया गया है। गांव में मुख्य मार्ग पर बना प्रवेश द्वार गांव की समृद्धि की अलग कहानी कह रहा है।
गांव की आबादी करीब दस हजार है। ग्राम प्रधान ने पिछली ग्राम पंचायत निधि से गांव के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में सुंदरीकरण कराया है। स्कूल की दीवारों पर सैनिक की पोशाक वाली पेंटिंग कराई गई है, जिससे बच्चों के अंदर देशभक्ति की भावना जागृत हो सके। इसके अलावा कई ऐसे कार्य हैं, जो चकवाली को अलग पहचान दिला रहे हैं।
चलाया है सेल्फी विद ट्री अभियान, एप भी किया लांच
ग्राम प्रधान ने सेल्फी विद ट्री अभियान चलाया हुआ है, जिसका एक एप भी लांच हुआ है, जिसमें ग्रामीण पौधरोपण कर अपनी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड करते है, जिससे पौधरोपण अभियान को भी बल मिलता है। इस अभियान के तहत अब तक गांव में करीब दो हजार पौधों का रोपण कराया गया है।
मिल चुका है सम्मान
ग्राम प्रधान सविता देवी को गांव के सरकारी स्कूल में सबसे अधिक छात्रों की संख्या व गांव में उत्कृष्ट कार्य करने पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। इसके साथ ही उनका नाम शासन को भी भेजा गया है। ग्राम प्रधान सविता देवी का कहना है कि उनका उद्देश्य प्रदेश की पहली ऐसी ग्राम पंचायत बनाना है, जो सोलर पॉवर प्लांट लगाकर विद्युत ऊर्जा उत्पादन कर सके। इसके साथ ही विद्युत पॉवर कारपोरेशन को विद्युत विक्रय करे, जिससे आसपास 20 गांवों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। इसके अलावा गांव में पेयजल के पानी की टंकी लगवाना प्राथमिकता है। गांव के सरकारी विद्यालय में सोलर आरओ वाटर प्लांट, गोबर धन योजना के तहत बायो गैस प्लांट लगाना, तालाब का सुंदरीकरण कर अमृत सरोवर बनाया जाना भी प्रस्तावित है। स्कूली बच्चों को बेहतर शिक्षा के संसाधनों को उपलब्ध कराना है।
ग्राम प्रधान की प्रोफाइल
नाम सविता देवी
उम्र 55
शिक्षा आठवीं पास
कार्य गृहिणी व समाजसेविका
राजनीतिक इतिहास 2021 में पहली बार चुनाव लड़कर ग्राम प्रधान बनी
रात में रोशन से चमकता चकवाली गांव का मुख्य द्वार- फोटो : SAHARANPUR
चकवाली का पररोषदिय स्कूल- फोटो : SAHARANPUR
गांव चकवाली का सुलभ शौचालय- फोटो : SAHARANPUR