सहारनपुर। कोरोना संक्रमण की वजह से रात नौ बजे तक खुलने वाले बाजार के समय को शासन ने बढ़ा दिया है। अब 11 बजे तक बाजार खुलेंगे, जिसको फायदा होटल व रेस्टोरेंट सहित अन्य कारोबार को भी होगा।
मंगलवार को शासन की ओर से जारी किए निर्देशों को व्यापारियों ने सराहनीय बताते हुए सरकार का आभार जताया। अंबाला रोड स्थित होटल कारोबारी सरदार तरणजीत सिंह का कहना है कि 11 बजे तक होटल खुलने से कारोबार बढ़ेगा। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष व रेस्टोरेंट कारोबारी गुरमेहर सिंह ने कहा कि कोरोना काल में व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। क्योंकि रेस्टोरेंट का कारोबार दिन की अपेक्षा रात में ज्यादा चलता है। दिल्ली रोड स्थित होटल के कारोबारी दीपक सैनी ने कहा कि बीते वर्ष लॉकडाउन और कोरोना कर्फ्यू की वजह होटल कारोबार बहुत कम हो गया था। क्योंकि, ज्यादातर कार्यक्रम रात में होते हैं। ऐसे में 11 बजे तक होटल खुलने की छूट मिलने पर कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है। नेहरू मार्केट के व्यापारी नेता रवि जुनेजा ने कहा कि इस छूट से हर तरह के कारोबार को फायदा मिलेगा। क्योंकि, बड़ी संख्या में लोग गर्मी को देखते हुए दिन की बजाए रात में खरीदारी करते हैं। पहले बाजार नौ बजे तक खुलता था, लेकिन अब 11 बजे तक खुलने से कपड़ा, जूता, होजरी, रेडीमेड गारमेंट्स, डीजे सिस्टम सहित अनेक तरह के कारोबार को फायदा होगा, जिससे एक बार फिर व्यापार रफ्तार पकड़ेगा।
होटल कारोबारी दीपक सैनी- फोटो : SAHARANPUR
होटल कारोबारी तरणजीत सिंह- फोटो : SAHARANPUR
रेस्टोरेंट कारोबारी सरदार गुरमेहर सिंह- फोटो : SAHARANPUR