सहारनपुर। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत खेत तालाब निर्माण के लिए किसानों का ऑनलाइन चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसके लिए पारदर्शी किसान सेवा पोर्टल upagriculture.com खोल दिया गया है।
भूमि संरक्षण अधिकारी रामजतन मिश्र ने बताया कि किसान पोर्टल पर लॉगिन करके खेत तालाब निर्माण के लिए आवेदन किया जा सकता है। कृषकों का चयन जनपद में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रथम आवत-प्रथम पावत के सिद्धांत पर किया जाएगा। किसानों द्वारा पंजीकरण के बाद खेत तालाब के लिए एक हजार रुपये टोकन मनी जमा करनी होगी। टोकन मनी जमा होने की ऑनलाइन पुष्टि होने के बाद आगामी 15 दिन में कृषकों को तालाब के निर्माण हेतु निर्धारित खेत की खतौनी, फोटो तथा निर्धारित घोषणा पत्र अपलोड करना होगा।