गंगोह में थाना दिवस पर फरियाद सुनते जिलाधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह/ छुटमलपुर/ नागल (सहारनपुर)। थाना समाधान दिवसों पर अफसरों ने अवैध खनन से लेकर जमीन संबंधित मामलों में जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए। गोशालाओं को भूसा उपलब्ध कराने के साथ ही समस्याओं के स्थायी निदान के लिए अधिनस्थों को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने शनिवार को कोतवाली गंगोह पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने निस्तारण के लिए अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया। उनके समक्ष सबसे अधिक समस्याएं जमीन संबंधित आई। इनमें महत्वपूर्ण शिकायत यमुना नदी में रेत हटाने के नाम पर हो रहे अवैध खनन और रात के अंधेरे में बिना रॉयल्टी के रेत से भरी गाड़ियों को निकाले जाने का मामला था। फर्जी तरीके से रॉयल्टी बनाने की भी शिकायत की गई। इस पर डीएम ने तहसीलदार व पुलिस को जांच कर त्वरित प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए। डीएम ने क्षेत्र में मौजूद चरगाह की जानकारी ली और गोशालाओं के लिए लेखपालों को भूसा देने के निर्देश दिए। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा, कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह, कानूनगो रजनीश कुमार, लेखपाल कुमार पाराशर, वासुदेव पारस आदि रहे। छुटमलपुर के फतेहपुर थाने में डीआईजी प्रीतिंदर सिंह ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। जमीन के विवाद संबंधित एक प्रकरण में उन्होंने संबंधित लेखपाल और थानाध्यक्ष सतेंद्र नागर को जांच कर उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इस दौरान डीआईजी ने थाने का निरीक्षण भी किया। समाधान दिवस में लेखपाल मनोज गुप्ता, पंकज चौहान, हरिओम, राकेश कांबोज, अजय पुंडीर आदि रहे।
नागल थाना प्रांगण में एसडीएम देवबंद दीपक कुमार एवं सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी के समक्ष पांच प्रार्थना पत्र भूमि संबंधी आए, जिसमें से तीन का निस्तारण कर दिया गया। दो के लिए संबंधित लेखपालों को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र गौतम भी रहे।