सहारनपुर। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के चलते दूसरे दिन भी जनपद भर में अग्निशमन विभाग द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। जिन संस्थानों में अनियमितता पाई गई या आग से बचाओ संबंधी उपकरण उपलब्ध नहीं मिली, ऐसे 30 लोगों को विभाग की ओर से नोटिस भी भेजे गए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह व अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ पंवार के नेतृत्व में मंगलवार को भी चेकिंग अभियान चला। दमकल विभाग ने महानगर में स्थित तारावती हॉस्पिटल, विमल चाइल्ड केयर सेंटर बाजोरिया रोड, तेहरी न्यूरो केयर सेंटर बाजोरिया रोड, गंगोह क्षेत्र के राजीव मेमोरियल इंस्टीट्यूट कॉलेज, ट्रेडर्स माल, देव कांति पब्लिक स्कूल, दयाराम इंटर कॉलेज, गंगोह फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप, उमर हॉस्पिटल, भारत गैस एजेंसी सहित अन्य स्थानों पर निरीक्षण किया। यहां के स्टाफ को अग्निशमन बचाव संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि चेकिंग के दौरान करीब 30 जगह पर अनियमितता पाई गई और यहां बचाव के संसाधन भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं थे। ऐसे 30 लोगों को विभाग की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है।
नागल थाना प्रभारी हटाए
सहारनपुर। एसएसपी आकाश तोमर ने नागल थाने के प्रभारी निरीक्षक सुभाषचंद गौतम को हटा कर अपराध शाखा में भेजा है। अपराध शाखा से निरीक्षक देशराज सिंह को नागल थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया है। एसएसपी ने बताया कि मुजफ्फरनगर जिले में तैनाती के दौरान निरीक्षक सुभाषचंद गौतम को बैड एंट्री दी गई है, इसलिए उन्हें नागल थाने से हटाया है।