कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद से सहारनपुर जिले में भी बडे़ अपराधियों पर शिकंजे के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। बड़गांव क्षेत्र के लुकादड़ी गांव के डबल मर्डर केस में फरार चल रहे दो भाइयों के घर पर कुर्की की कार्रवाई की गई है। इसी तरह अन्य वांछित अपराधियों की कुंडली देखी जा रही है।
सहारनपुर के सभी थाना प्रभारियों से कहा गया है कि वे अपने यहां लूट, हत्या, डकैती, गोकशी, चोरी की बड़ी वारदातों में शामिल रहे बड़े अपराधियों की कुंडली को फिर से खंगालें। इसके साथ ही इन अपराधियों की फैमिली हिस्ट्री या नेटवर्क से जुड़े सदस्यों की पड़ताल करे। इसके अलावा जिले में 200 से ज्यादा गैंगस्टर चिह्नित किए गए हैं। इनकी भी निगरानी होगी।
दरअसल, जिले के सभी थानों में टॉप टेन अपराधियों की फिर से समीक्षा करवाई जा रही है। इसमें नए अपराधियों को भी शामिल किया जा सकता है। अभी तक जिले के टॉप टेन अपराधियों में सुशील गुर्जर, माहरूफ, रियाजुल, मोहित, दीपक, आसिफ, ऐजाज, राजकुमार, नीतिश और मंसूर शामिल हैं। इन अपराधियों पर हत्या, लूट, रंगदारी सहित अन्य तरह की कई वारदात को अंजाम देने के मामले दर्ज हैं। यह सूची भी अब रिवाइज कराई जाएगी। इनके अलावा मंडल में भी सुशील मूंछ, मुकीम काला, सादर तीतरों जैसे बड़े अपराधी भले ही जेल में हों। मगर उनका खौफ और सक्रियता अब तक कम नहीं हुई। इसलिए मंडल में ऐसे अपराधियों के गिरोह के अन्य सदस्यों से लेकर उनके परिवार तक के लोगों की भी कुंडली दिखवाई जा रही है।
अवैध कब्जों में अब भी शामिल हो रहे अपराधी
कुछ साल पहले से आईपीएल में सट्टा लगाने से लेकर लूट, डकैती और हत्या में शामिल कुछ अपराधियों की सक्रियता जमीन पर अवैध कब्जों के मामलों में सामने आती रही है। हालांकि ऐसे लोगों के डर से अधिकतर लोग थानों तक ही नहीं पहुंचे। कुछ माह पहले ही ऐसे मामले मोरगंज, खाताखेड़ी, कुतुबशेर, पक्का बाग, कलसिया रोड और शालीमार गार्डन क्षेत्र में सामने आए थे। मार्च माह में तो एक परिवार ने कोर्ट की शरण लेकर गढ़ी मलूक में मुश्किल से जमीन छुड़वाई थी।
यह भी पढ़ें: ...जब बाबा का खुला ऐसा राज, अफसर भी रह गए हैरान, मासूम बच्चों के साथ करता था ये घिनौना काम