मोहर्रम के जुलूस को लेकर बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि कोविड-19 के चलते मोहर्रम के जुलूस को निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को मोहर्रम को दृष्टिगत करबला के आसपास सहित सभी स्थानों पर विद्युत की समुचित आपूर्ति और साफ सफाई व्यवस्था का विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने मोहर्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि शासन की गाइड लाइन का पालन करें। कोविड-19 के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सभी खुशी एवं गम के त्योहार अपने घरों में ही मनाएं। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में कोविड के मामलों में बढ़ोतरी चिंता का विषय है। इसलिए किसी को भी भीड़ की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि करबला की चारदीवारी के भीतर जियारत करने के लिए शासन के जो भी नियम आएंगे उनका पालन किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चन्नप्पा ने कहा कि शासन के नियम एवं गाइड लाइन का पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन गाइड लाइन से हटकर कोई भी अनुमति देने में असमर्थ है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी, उप जिलाधिकारी देवबंद राकेश कुमार, उप जिलाधिकारी देवेन्द्र पांडेय, एलआईयू इंसपेक्टर रजनी, चीफ वार्डन राजेश जैन, जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद, शीतल टंडन आदि रहे।