नवादा रोड़ पर कान्हा गौशाला का निरीक्षण करते कमिश्नर
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मंडलायुक्त लोकेश एम ने कहा कि सभी गो आश्रय स्थलों का संचालन सुचारु रूप से किया जाए। संरक्षित गोवंश को समुचित सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही उनके भरण पोषण के लिए स्थानीय स्तर पर भूसे की समुचित व्यवस्था रहनी चाहिए। गोशाला में साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था रखी जाए। गोशाला में रह रहे कमजोर गोवशों को पौष्टिक आहार दिया जाए।
मंडलायुक्त लोकश एम ने मंगलवार को नवादा रोड स्थित मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से जनपद के भूसा बैंक की स्थापना के समय इस बात का ध्यान रखा गया है कि वर्षा ऋतु के समय पानी से भूसा खराब न हो। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि गोशाला में रहने वाले पशुओं की समुचित देखभाल की जाए। गोवंश को हरे चारे, भूसे, पानी, छाया, हवा आदि की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि समय समय पर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाए। साथ ही पशुओं की संख्या के दृष्टिगत अतिरिक्त शेड की व्यवस्था की जाए। जिससे सभी पशु आराम से गोशाला में रह सके। मंडलायुक्त को बताया गया कि गोशाला में 214 पशु हैं। इनमें से छह पशु दूध देने व वाले हैं। इस दौरान नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, अपर निदेशक पशुपालन डॉ. हरपाल सिंह, मुख्य पशुु चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार सक्सेना आदि मौजूद रहे।