राधा विहार स्थित मां वैष्णवी काली मंदिर में पूजा अर्चना करते स्वामी कालेंद्रानंद ,स्रोत मंदिर
सहारनपुर। शारदीय नवरात्र महोत्सव के तहत मा दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। पंचांग के अनुसार मंगलवार की सुबह 11 बजे तक छठें नवरात्र की तिथि रही, जिसमें मां कात्यायनी की पूजा की गई। दोपहर को सातवें नवरात्र की तिथि लग गई, जिसमें मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना हुई। श्रद्धालुओं ने मंदिरों पहुंचकर माता की आराधना कर व्रत खोला।
राधा विहार स्थित सिद्धपीठ महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में पंचामृत से मां दुर्गा के नौ रूपों का स्नान कराया गया। अधिष्ठाता स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा मां कालरात्रि काल को नियंत्रित कर जीवों का कल्याण करती है। मां सृष्टि को संतुलित करती हैं। बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम में अतुल जोशी महाराज ने पूजा-अर्चना कराई। श्री शिव बगलामुखी में आचार्य रोहित वशिष्ठ ने मंत्रोच्चारण के साथ आराधना कराई। दिल्ली रोड स्थित श्री सालासर धाम में पंडित अभिषेक कृष्णात्रेय और आचार्य पंडित अमित भारद्वाज शतचंडी यज्ञ कराया। इसके पश्चात मां जगदंबा की आरती उतारी गई।
श्री राधा-कृष्ण मंदिर पुरानी अनाज मंडी में आचार्य पंडित प्रगीत कौशिक ने माता रानी की आराधना कराई। आवास-विकास स्थित श्री हरि मंदिर में मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इसी तरह अंबाला रोड स्थित श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर सहित अनेक मंदिरों में पूजा हुई। मंदिरों में शाम को श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
वहीं, स्वामी कालेंद्रानंद बताया कि सुबह तक छठे नवरात्र की तिथि रही। इसके तहत मां कात्यायनी की पूजा हुई। दोपहर को सातवें नवरात्र की तिथि लगी, जो बृहस्पतिवार रहेगी। इसके तहत मां कालरात्रि की आराधना की गई।