सहारनपुर। अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल गुर्जर ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज गुर्जर प्रतिहार वंश के राजा थे। स्वामी नारायण संप्रदाय के अक्षरधाम मंदिर दिल्ली के भारत उपवन में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा स्थापित है, उस पर भी गुर्जर सम्राट मिहिर भोज लिखा है।
मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित एक सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरिद्वार के लक्सर में और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दक्षिणी दिल्ली के कोटला मुबारकपुर में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा स्थापित की है जिस पर गुर्जर सम्राट लिख रखा है। उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता राजपूत समाज से हैं। इसके अलावा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय साहिब सिंह वर्मा ने आज से करीब 20 साल पहले दिल्ली के नेशनल हाईवे के एक हिस्से का नाम गुर्जर सम्राट मिहिर भोज मार्ग रखवाया था। राष्ट्रीय महामंत्री नीरज चौधरी ने कहा कि ग्वालियर और चंबल संभाग में आज भी गुर्जर समाज के गांवों में गुर्जर प्रतिहार कालीन मंदिरों के अवशेष मौजूद हैं। इनमें बटेश्वर, नरेश्वर, बरहावली, डांग आदि प्रमुख हैं। पद्मश्री केके मोहम्मद ने बटेश्वर मंदिर श्रृंखला मुरैना का जीर्णोद्धार करवा कर इस ऐतिहासिक विरासत की रक्षा की। उन्होंने ये भी घोषित किया ये सारे निर्माण गुर्जर प्रतिहार शासकों द्वारा करवाए गए थे। इस दौरान योगेश सिंह, नीरज खतौली, सुशील, अजय खटाना, संजय खटाना, पिंकू नंबरदार, दीपक चौधरी आदि मौजूद रहे।