मिर्जापुर। थाना मिर्जापुर के गांव पाडली ग्रंट में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मायके वालों ने ससुरालियों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव फैजाबाद निवासी तमन्ना (21) पुत्री महबूब की शादी पाडली ग्रंट निवासी युवक के साथ 11 जून 2021 को हुई थी। तमन्ना के परिजनों का आरोप था कि ससुराल वाले शुरू से ही दहेज की मांग करते चले आ रहे थे। गत पांच माह से तमन्ना अपने मायके आई हुई थी। पांच दिन पूर्व उसकी ससुराल वाले उसे लेकर गए थे। रविवार की शाम चार बजे मायके वालों को सूचना मिली कि तमन्ना की मौत हो गई है। इसके बाद वे रोते बिलखते ससुराल पहुंचे। उन्होंने वहां महिला मौत की वजह पूछी तो आरोप है कि ससुराल वाले इधर-उधर की बातें बताने लगे। इसके बाद वे मौका देख वहां से फरार हो गए। मायके वालों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरा। मृतका की मां सरवरी ने मिर्जापुर थाने में ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी हृदय नारायण सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके बाद वैधानिक कार्यवाई की जाएगी।