संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम नशा मुक्ति केंद्र में रहकर नशे की लत से मुक्त हुए छह किशोरों को लेकर उनके गांव मिर्जापुर पहुंचे। किशारों ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र में इलाज कराने से नशे की लत से छुटकारा पाया जा सकता है।
मंडलायुक्त तहसील बेहट के ग्राम मिर्जापुर के प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों और नशे की लत से मुक्त हुए किशोरों के बीच संवाद कराया। मंडलायुक्त ने 21 अप्रैल को नशे की गिरफ्त में आए मिर्जापुर के छह किशोरों को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। दस दिन की काउंसिलिंग एवं इलाज के बाद किशोर पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। जिला अस्पताल में बनाए नशा मुक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान यहां भर्ती किशोरों ने मंडलायुक्त को बताया था कि गांव में अब भी 50-60 किशोर नशा करते हैं। मंडलायुक्त ने मिर्जापुर के ग्रामीणों से अनुरोध किया कि जिस प्रकार गांव के ये छह किशोर नशा मुक्ति केंद्र से स्वस्थ होकर आए हैं इसी प्रकार गांव के अन्य किशोरों को भी नशे कि गिरफ्त से बाहर लाया जाए। इसके बाद ग्रामीणों से सात और किशारों को नशा मुक्ति केंद्र भेजा। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बेहट प्रणेता ऐश्वर्या, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा, तहसीलदार बेहट, अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आदि मौजूद रहे।