सहारनपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों को ऑक्सीजन की कमी का दंश नहीं झेलना पड़ेगा। क्योंकि मेडिकल कॉलेज में तीन ऑक्सीजन प्लांट जल्द ही चालू हो जाएंगे। इनमें एक ऑक्सीजन प्लांट पीएम केयर फंड से लग रहा है तो, दूसरा नया प्लांट जिलाधिकारी की तरफ से जारी 1.90 करोड़ रुपये की धनराशि से लगेगा। वहीं तीसरा प्लांट जो पहले से यहां लगा है, उसे भी ठीक कराया जा रहा है। यह तीनों प्लांट अधिकतम 14 मई तक सुचारू किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
सहारनपुर जिले को उत्तराखंड से ऑक्सीजन मंगानी पड़ रही है। बीएचईएल से 500 सिलिंडर ऑक्सीजन प्रतिदिन मंगाई जा रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में ही 300 बेड की व्यवस्था है। यहां पर 350 सिलिंडर की प्रतिदिन खपत है। इसके अलावा कोविड अस्पताल फतेहपुर में भी 50 सिलिंडर की आवश्यकता है। इसके अलावा जितने भी प्राइवेट अस्पतालों को कोविड मरीजों का उपचार के लिए नामित किया है, वहां भी ऑक्सीजन की लगातार डिमांड है। ऐसे में राजकीय मेडिकल कॉलेज में लग रहे ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट काफी मददगार साबित होंगे। ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ेगी तो मरीजों के लिए बेड भी बढ़ाए जा सकेंगे। एक प्लांट की क्षमता 500 एलपीएम की है। प्रतिदिन 100 सिलिंडर ऑक्सीजन भरे जा सकेंगे। दूसरे प्लांट से 175 सिलिंडर प्रतिदिन मिलेंगे वहीं तीसरे पुराने प्लांट से 175 ऑक्सीजन सिलिंडर भरे जा सकेंगे।
प्लांट ठीक करने फिर पहुंची सेना की टीम
सहारनपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहले से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट को ठीक करने के लिए शनिवार को फिर से 510 आर्मी मेरठ से 10 जवानों की टीम पहुंची। तीन दिन पूर्व इस टीम ने मरम्मत का कार्य किया था। इस प्लांट को सेना से ठीक कराने के लिए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के कहने पर सहारनपुर रिमाउंट डिपो के कमांडेंट कर्नल मंगल सिंह ने मेरठ में सेना के अधिकारियों से वार्ता की थी, जिसके बाद टीम यहां आई। पूर्व में देहरादून की संस्था ने प्लांट को ठीक करने के लिए करीब 40 लाख रुपये का आंगणन दिया था। जिला प्रशासन की सूझ बूझ के कारण प्लांट ठीक हो रहा है और वह धनराशि भी बच गई।
राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में तीन ऑक्सीजन प्लांट जल्द ही शुरू हो जाएंगे। इससे मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ जाएगी तो मरीजों के लिए बेड़ भी बढ़ाए जा सकेंगे। ताकि मरीजों को कोई दिक्कत ना उठानी पड़े। -- अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी