सहारनपुर। कोतवाली रामपुर मनिहारान में तैनात दरोगा दो दिन की छुट्टी पर गए। एक्स पर उनके नाम से किसी ने पत्र वायरल करते हुए अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगा दिए। दरोगा ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसपी ने मामले की जांच बैठा दी है।
कोतवाली रामपुर मनिहारान में तैनात दरोगा सुरेंद्र सिंह ने दर्ज कराए मामले में बताया कि दो दिन की छुट्टी पर गए थे। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक्स (ट्वीटर) पर उनके नाम से एक पत्र वायरल कर दिया, जिसमें लिखा गया कि 30 दिन की छुट्टी मांग गई और अधिकारी दो दिन का अवकाश देते हैं। यह तानाशाही है। इसी वजह से मानसिक तनाव में पुलिसकर्मी आत्महत्या करते हैं। मामले का पता लगने पर दरोगा ने अज्ञात के खिलाफ कोतवाली रामपुर मनिहारान में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि किसी ने जानबूझकर और उनकी एवं विभाग की छवि धूमिल करने के लिए पोस्ट की है।
दरोगा के नाम से सोशल मीडिया भ्रामक प्रचार किया गया है। दरोगा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने वाले आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। इस मामले की जांच बैठा दी गई है।-डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी