मिर्जापुर में वन गुर्जर के डेरे पर विस्फोट के बाद पहुंचे एसडीएम और कोतवाली पुलिस। श्रोत पुलिस
मिर्जापुर (सहारनपुर)। गांव शाहपुर गाड़ा में सेना के फायरिंग रेंज से उठाकर लाए गए मिस बम से पीतल निकालते समय धमाका हो गया, जिससे वन गुर्जरों के परिवार के बालक की मौत हो गई। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसा बुधवार की सुबह करीब छह बजे गांव शाहपुर गाड़ा में गांव डाडल-हिंदूवाला मार्ग पर रह रहे वन गुर्जरों के डेरे पर हुआ। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार की शाम हनीफ (11) पुत्र तालिब शिवालिक जंगल में सेना की फायरिंग रेंज से मिस बम उठाकर लाया था। सुबह उसको तोड़कर वह पीतल निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसमें धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि हनीफ के चीथड़े उड़ गए, जो दूर तक फैल गए। उनके घर में बंधी भैंस भी घायल हो गई। धमाका होते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर थाना मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। एसडीएम दीपक कुमार व सीओ शशिकांत शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही बालक के शरीर के टुकड़ों को इकट्ठा करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जांच में सामने आया है कि मिस बम से पीतल निकालते हुए धमाका हुआ है, जिससे बालक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।सागर जैन, एसपी देहात