शहर में दुकान नहीं लगा सकेंगे टीका नहीं लगवाने वाले वेंडर
महानगर में 13,564 पंजीकृत हैं वेंटर
नगरायुक्त की वैक्सीन की दोनों खुराक लेने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नगर निगम ने फरमान जारी किया कि कोविड का टीका नहीं लगवाने वाले वेंडर शहर में दुकान नहीं लगा सकेंगे। कोरोना फैलने से रोकने के लिए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी वेंडरों से वैक्सीन की दोनों खुराक लगवाने की अपील की। उसका प्रमाण अपने पास रखने के लिए कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि टीका नहीं लगवाने वाले वेंडर दुकान नहीं लगा सकेंगे।
शहर में करीब 15 हजार वेंडर हैं। जिनमें 13,564 वेंडर नगर निगम में पंजीकरण करा चुके हैं। नगर निगम का मानना है कि ठिया, रेहड़ी व खोखा आदि लगाने वाले वेंडर प्रतिदिन कई लोगों के संपर्क में आते हैं। उनके चपेट में आने से संक्रमण तेजी से फैल सकता है। किसी संक्रमित व्यक्ति से संक्रमित होकर वह वाहक बन सकता है। ऐसे में नगर निगम ने सभी वेंडरों को कोविड वैक्सीन की दोनों खुराक लगवाने की अपील की। जिससे कोरोना की तीसरी लहर के प्रभाव को कम किया जा सके। इसके लिए नगर निगम ने मुनादी कराई है। जल्द ही निगम टीम वेंडरों से टीका लगवाने का प्रमाण मांगेगी। नहीं दिखाने पर दुकान नहीं लगाने दी जाएगी। उनका सामान भी जब्त किया जा सकता है।
दुकानदार पालन करें
नगर निगम ने दुकानदारों से कोविड से बचाव के नियमों का पालन करने की अपील की। दुकानदारों और वहां काम करने वाले मजदूरों को टीकाकरण कराने के साथ सामान विक्रय करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा मास्क लगाकर रहने के लिए कहा है। बिना मास्क वाले ग्राहक को सामान नहीं देने की अपील भी की गई। जिससे कोरोना को फैलने से रोका जा सके।
घरों पर पहुंचे नगर स्वास्थ्य अधिकारी
टीकाकरण बढ़ाने में नगर निगम का पूरा अमला लगा है। नगरायुक्त के साथ ही नगर स्वास्थ्य अधिकारी और सफाई निरीक्षक भी इसमें लगे हैं। जिन क्षेत्रों में कम टीकाकरण हुआ है वहां पार्षदों का सहयोग लिया जा रहा है। शहर में प्रतिदिन करीब 70 बूथों पर टीका लगाया जा रहा है। बुधवार को आशा सम्मेलन होने से टीकाकरण थोड़ा प्रभावित हुआ। केवल तीन बूथ लगाकर टीकाकरण कराया गया। 1600 से अधिक लोगों ने टीका लगवाया। खानआलम पुरा में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन की मौजूदगी में टीकाकरण हुआ।
कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। जनपद में करीब 16 कोरोना संक्रमित अभी तक आ चुके हैं। कोरोना की तीसरी लहर के प्रभाव को कम करने के लिए सभी वेंडरों से वैक्सीन की दोनों खुराक लेने की अपील की गई है। यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो निगम दुकान नहीं लगाने देगा। सभी को जिम्मेदारी समझना होगा।-ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त