गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिसंबर को सहारनपुर आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। शाह और मोदी पुवांरका में मां शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर दोनों एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसको लेकर जिलाधिकारी व एसएसपी सहित कई अधिकारियों ने पुवांरका पहुंचकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
शनिवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर व मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने पुवांरका पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था देखी। इसके साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के लिए हेलीपैड बनाए जाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए गए। जनसभा को लेकर पुवांरका में ही जगह का चयन किया गया है। डीएम और एसएसपी ने बताया कि दो दिसंबर को गृहमंत्री व मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसको लेकर शासन से उनको निर्देश मिले हैं, लेकिन अभी लिखित कार्यक्रम नहीं आया है। सोमवार तक लिखित कार्यक्रम भी आ जाएगा।
यह भी पढ़ें: हथियारों के सप्लायर: सिपाही से निकला ये बड़ा कनेक्शन, सामने आई खौफनाक सच्चाई, सबूत हैं ये तस्वीरें
पुलिसकर्मियों के अवकाश रद्द
कार्यक्रम को लेकर एसएसपी आकाश तोमर ने सभी पुलिसकर्मियों के अवकाश रद्द कर दिए हैं। इसके साथ ही एसपी सिटी राजेश कुमार व एसपी देहात अतुल शर्मा सहित सभी सीओ को सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद किए जाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: भीषण आग से मचा हाहाकार : दुकान के भीतर जलती रहीं तीन जिंदगी, गूंजती रही बेबस परिजनों की चीत्कार
भाजपा नेताओं ने भी लिया जायजा
गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं ने भी पुवांरका पहुंचकर व्यवस्था देखी। अधिकारियों के साथ जिला पंचायत सदस्य मुकेश चौधरी, पुवांरका के मंडल अध्यक्ष ठाठ सिंह, रविंद्र पुंडीर, रजत सिंह, अमित कुमार, मनीष चौधरी, सुशील कुमार, रोहित त्यागी, विक्की ने व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, मुकेश चौधरी ने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार कार्यक्रम को लेकर संगठन की ओर से भी तैयारियां की जा रही हैं। पुवांरका में गृहमंत्री व मुख्यमंत्री की जनसभा भी होगी।