सहारनपुर। कोविड टीकाकरण में जनपद के स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर लक्ष्य से अधिक टीका लगवाते हुए अन्य सभी आयु वर्गों से आगे हैं। चिकित्सा विभाग के आंकड़ों के अनुसार दोनों वर्गों का टीकाकरण शत प्रतिशत से अधिक हुआ है। इतना ही नहीं, बूस्टर खुराक लेने में फ्रंटलाइन वर्कर्स ने 226 फीसदी को भी पार कर दिया है।
स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण 16 जनवरी 2021 से चल रहा है। 12,198 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था, जिनमें से 13,854 लोग पहली, 14,056 लोग दूसरी और 12,679 लोग बूस्टर खुराक ले चुके हैं। फ्रंटलाइन वर्क्स की बात करें तो 10,920 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था, जिनमें से 15,687 लोग पहली, 16050 लोग दूसरी और 24,687 लोग बूस्टर खुराक ले चुके हैं। 60 वर्ष से अधिक वालों की संख्या 3,21,975 थी, जिनकी तुलना में 2,92,049 लोग पहली, 2,74,610 लोग दूसरी और 19,828 लोग बूस्टर खुराक ले चुके हैं। यानी 60 वर्ष से अधिक आयु वालों में बूस्टर खुराक लेने वालों की संख्या काफी कम है। 45 से 59 आयु वालों में 4,96,875 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है, जिनमें से 5,46,191 लोगों ने पहली, 5,15,800 लोग ने दूसरी और मात्र 02 लोगों ने बूस्टर खुराक ली है। 18 से 44 आयु वर्ग वालों का टीकाकरण भी कुछ हद तक संतोषजनक है। इस आयु के 17,12,430 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है, जिनमें से 16,96,383 लोग पहली, 14,77,747 लोग दूसरी और मात्र 03 लोग बूस्टर खुराक ले चुके हैं।
किशोर नहीं दिखा रहे रुचि
जिले में 15 से 17 आयु वर्ग के 2,43,117 किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य है, लेकिन इनमें से अभी तक 2,04,541 लोग पहली और 1,40,333 किशोरों ने दूसरी खुराक ली है, जो काफी कम है। 12 से 14 आयु वर्ग के 1,46,835 किशोरों को टीका लगना है, जिनमें से अभी तक 1,14,805 किशोरों ने पहली और मात्र 22,072 किशोरों ने अभी तक दूसरी खुराक ली है, जबकि इनका टीकाकरण 16 मार्च 2022 से चल रहा है।
जिले में टीकाकरण की स्थिति
वर्ग पहली खुराक दूसरी खुराक बूस्टर खुराक
स्वास्थ्यकर्मी 113.6 प्रतिशत 115.2 प्रतिशत 103.9 प्रतिशत
फ्रंट लाइन वर्कर 143.7 प्रतिशत 147 प्रतिशत 226.1 प्रतिशत
60 वर्ष से अधिक 90.7 प्रतिशत 85.3 प्रतिशत 30.8 प्रतिशत
45 से 59 वर्ष 109.9 प्रतिशत 103.8 प्रतिशत 00
18 से 44 वर्ष 99.1 प्रतिशत 86.3 प्रतिशत 00
15 से 17 वर्ष 84.1 प्रतिशत 57.7 प्रतिशत 00
12 से 14 वर्ष 78.2 प्रतिशत 15 प्रतिशत 00
कोविड टीकाकरण में सहारनपुर की अच्छी स्थिति है। कई वर्गों में हमने लक्ष्य से अधिक टीकाकरण किया है। किशोरों के मामले में गति थोड़ा कम है, लेकिन विभाग का प्रयास यही है कि शत प्रतिशत किशोरों को जल्द से जल्द दोनों खुराक दे दी जाएं।
डॉ. सुनील कुमार वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।