सहारनपुर जनपद में बुधवार को एक ही परिवार के चार लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने से चिकित्सा विभाग के अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है। संक्रमित मिले चारों लोग 28 दिसंबर को पॉजिटिव आए वृद्ध के परिजन हैं, जिनमें वृद्ध की पत्नी, पुत्रवधू, बेटी और धेवती शामिल हैं।
शारदानगर निवासी 81 वर्षीय वृद्ध की कोरोना रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद चिकित्सा विभाग ने परिवार के दस सदस्यों के नमूने जांच के लिए लैब में भेजे थे। इनकी जांच रिपोर्ट बुधवार की शाम आ गई, जिसमें चार परिजनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सर्विलांस अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि चारों पूरी तरह स्वस्थ हैं, जिनमें किसी प्रकार का कोई लक्षण नहीं हैं। फिर भी विभाग उनको दवा उपलब्ध कराएगा, साथ ही उनके संपर्क में आए अन्य लोगों को चिह्नित कर उनकी जांच कराई जाएगी, जिससे संक्रमण आगे न फैले। उधर, तीसरी लहर में अभी तक मिले संक्रमितों की संख्या 23 हो गई है। मार्च 2020 से अब तक की बात करें तो अभी तक कुल 32,926 कोरोना संक्रमित मिले हैं।
दिशा निर्देशों का पालन नहीं
कोरोना के मरीज लगातार मिल रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी लोग लापरवाह बने हुए हैं। तमाम बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सड़कों पर लोग बिना मास्क लगाए और बिना सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए चल रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि जिला प्रशासन या पुलिस स्तर से भी अभी तक सख्ती नहीं की गई है। ऐसे में संक्रमण के और अधिक फैलने का खतरा बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: भयावह हादसे की तस्वीरें: मातम में बदलीं बर्थडे की खुशियां, बेटे का शव देख बेहोश हुई मां, डॉक्टर बनने का सपना चकनाचूर
16,738 ने लगवाया टीका
कोविड टीकाकरण अभियान में बुधवार को जनपद में 281 बूथों पर टीकाकरण हुआ। बुधवार को 68,500 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। इनमें पहली खुराक के लिए 32,100 और दूसरी खुराक के लिए 36,400 लोग पंजीकृत थे। इनके सापेक्ष 16,738 लोग वैक्सीन की पहली और दूसरी खुराक लगवाने केंद्रों पर पहुंचे। बुधवार को लक्ष्य के सापेक्ष कुल 24.4 फीसदी टीकाकरण हुआ।
यह भी पढ़ें: फिर बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी राहुल काला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, किरायेदार बोले- हम बेघर हो गए, देखिए तस्वीरें