सड़क हादसों में किशोरी सहित चार की मौत
चिलकाना/गागलहेड़ी/रामपुर मनिहारान/ मिर्जापुर। जिले में दो दिन में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक किशोरी सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद जान गंवाने वालों के घरों में कोहराम मचा है। उनके यहां होली की खुशियां मातम में बदल गई।
चिलकाना में शनिवार दोपहर थाना सरसावा के गांव कुतुबपुर निवासी गुलफाम पुत्र असलम अपने छोटे भाई तबरेज (13) तथा अपनी मां को लेकर बाइक से गंदेवड़ की तरफ एक शादी समारोह में जा रहा था। गांव धौलाहेड़ी से पहले सामने से आ रहे डंपर को देखकर गुलफाम बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका तथा बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। गड्ढे में गिरने से बाइक पर बैठे तबरेज की गर्दन मुड़ गई। गंभीर हालत में पुलिस तथा राहगीर तबरेज को लेकर सीएचसी सुलतानपुर पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। तबरेज के परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए।
गागलहेड़ी में शुक्रवार देर शाम मुजफ्फरनगर निवासी सोनू, राजीव, बबीता, दिशा (15) एक ही बाइक पर रुड़की जा रहे थे। जैसे ही ये उत्तराखंड की काली नदी चौकी के समीप पहुंचे तो इनकी बाइक सड़क किनारे स्लिप हो गई और चारों सड़क पर जा गिरे। दिशा की सड़क में सिर लगने पर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी सूबे सिंह बताया की परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।
रामपुर मनिहारान में शुक्रवार देर शाम कुआं खेड़ा निवासी शिवम (31) पुत्र महेश शर्मा बाइक द्वारा देहरादून से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर गांव लंढौरा गुज्जर के सामने पहुंचा तो सड़क क्रॉस कर रहे युवक ओपिन से उसकी टक्कर हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां शिवम को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि ओपिन को हायर सेंटर भेजा गया। एसओ जसबीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था।
गांव मिर्जापुर में बृहस्पतिवार देर रात बलीराम सैनी (48) पुत्र दर्शन लाल सैनी ग्रामीणों के साथ होलिका दहन के लिए जा रहा था। रास्ते में सहारनपुर विकास नगर मार्ग पर विकासनगर की तरफ से तेज गति के साथ आ रही अज्ञात कार ने उसको टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। राहगीरों ने उसको निजी चिकित्सक के यहां दिखाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।