कमेला कॉलोनी में प्लास्टिक के गोदाम में लगी आग
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कमेला कॉलोनी में प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लग गई। इससे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गोदाम में आग लगने से कई लाख रुपये का सामान जल गया। अग्निशमन अधिकारी के अनुसार प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में आग लगने के कारण का पता नहीं लगा।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र में कमेला कॉलोनी निवासी हबीबुरर्हमान का प्लास्टिक के स्क्रैप का गोदाम है। बृहस्पतिवार को दोपहर के समय गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे क्षेत्र में अफरा तफरी माहौल बन गया और मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। पता लगते ही अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर बिग्रेड़ की तीन गाड़ियों को मौके पर बुलवाकर पानी का छिड़काव किया। टीम ने करीब एक घंटे के बाद आग पर काबू पाया । गोदाम में रखी प्लास्टिक की बोतलें और अन्य सामान जल गया, इनकी कीमत कई लाख रुपये की बताई है। अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ ने बताया आग लगने के कारण पता नहीं लग पाए हैं। शुरूआती जांच में शार्ट सर्किट ही आग लगने का कारण माना जा रहा है। गोदाम में कितना नुकसान हुआ है, इसका आंकलन किया जाएगा।
हो सकता था बड़ा हादसा
आग लगने पर दमकल विभाग की टीम समय रहते मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि गर्मी का मौसम है और प्लास्टिक का सामान तेजी से आग पकड़ रहा था। आग लगने की वजह से उठे धुएं में क्षेत्रवासियों को कुछ देर सांस लेने में परेशानी हुई।
आग लगाने का आरोप
प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम के स्वामी हबीबुर्रहमान ने आरोप लगाया कि रंजिश के चलते किसी ने जानबूझकर गोदाम में आग लगाई है। आग लगने से उनका कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, सीओ प्रथम चंद्रपाल शर्मा ने कहा तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर जांच होगी।