सहारनपुर। मुजफ्फराबाद ब्लॉक में बुखार तेजी से पांव पसार रहा है। लगभग हर गांव में बुखार के मरीज हैं। कुछ गांव ऐसे हैं, जहां प्रत्येक घर में बुखार का मरीज बताया जा रहा है। ग्राम प्रधान एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग की मांग लेकर सीएचसी प्रभारी के पास पहुंच रहे हैं।
ब्लॉक में करीब 140 गांव हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. अशोक कुमार के पास प्रतिदिन कई ग्राम प्रधान अपनी-अपनी ग्राम पंचायत में बुखार के मामले बढ़ने तथा एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराने की मांग लेकर पहुंच रहे हैं। प्रभारी ने बताया कि जहां से भी मांग आ रही है वहां टीमें भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है। कुछ गांव ऐसे भी हैं, जहां बुखार के अधिक मामले हैं। लगभग हर घर में बुखार का मरीज है। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि पूरे ब्लॉक में वायरल फीवर फैला है। सीएचसी में पर्याप्त मात्रा में दवाएं हैं, जो मरीजों को दी जा रही हैं। डेंगू की जांच के लिए नमूने भेजे गए हैं मगर अभी तक किसी मरीज में पुष्टि नहीं हुई है। कुछ रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
सीएमओ ने किया गांवों का दौरा
बुखार की शिकायत पर सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक ने शुक्रवार को जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ को साथ लेकर मुजफ्फराबाद ब्लॉक के गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। बुखार संबंधी कोई भी शिकायत होने पर तुरंत सीएचसी या जिला अस्पताल पहुंचने की अपील की।
डेंगू वार्ड में मरीज भर्ती
एसबीडी जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में बने डेंगू वार्ड में शुक्रवार को एक मरीज भर्ती किया गया है। जिला अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया कि रामपुर मनिहारान के गांव हलगोवा निवासी शाकिर को बुखार की शिकायत थी। वह जनरल वार्ड में भर्ती था। बृहस्पतिवार को डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उसे डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है। भर्ती होने वाला यह पहला डेंगू मरीज है। जनपद में अभी तक 23 डेंगू मरीज हैं।
शुक्रवार को मुजफ्फराबाद ब्लॉक के गांवों का दौरा किया गया है। वहां अभी तक डेंगू का कोई मामला सामने नहीं आया है केवल सामान्य बुखार है। हमारे पास दवाएं और अन्य संसाधन भरपूर मात्रा में हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
-- डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ।