नागल/रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। कृषि कानूनों के खिलाफ गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन का एक साल पूरा होने के मौके पर शुक्रवार को जिले से बड़ी संख्या में किसान गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए।
नागल से भाकियू के जिलाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार की अगुवाई में किसानों ने नारेबाजी करते हुए गाजीपुर बॉर्डर की तरफ कूच किया। इस दौरान चौ. विनय कुमार ने कहा कि जिस प्रकार तीन कृषि कानून वापस लिए गए हैं, उसी प्रकार जब तक एमएसपी पर कानून बनाने की गारंटी को मंजूरी नहीं दी जाती तब तक किसान अपना आंदोलन जारी रखेंगे। चौ चरण सिंह, रघुवीर सिंह बौद्ध, अमित मुखिया, केहर सिंह, मनोज कुमार, सोनवीर सिंह, मूसा प्रधान, बबलू चौधरी, पद्म सिंह, अनीश गौड़, सचिन, अहसान मुखिया आदि मौजूद रहे। रामपुर मनिहारान से भी किसान आंदोलन को एक वर्ष पूरा होने पर भाकियू के पूर्व मंडल अध्यक्ष चौधरी जगपाल सिंह के नेतृत्व में किसान गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि आज किसान चौतरफा पूंजीपतियों का शिकार है। किसान खून-पसीने से अपनी फसल को सींचता है और उसे बाजार में अपनी फसल का वाजिब दाम नहीं मिलता, इसी कारण आज किसान आंदोलन की राह पर है।
गाजीपुर बॉर्डर रवाना होने वालों में प्रदीप पंवार, प्रीतम चौधरी, पुनीत चौधरी, चरण सिंह, सतीश चौधरी, मुकुल चौधरी, संजय चौधरी, विशाल चौधरी, वीरेन चौधरी आदि रहे। संवाद