सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के अन्तर्गत संस्थागत प्रसव बढ़ाया जाए। अभियान चलाकर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में गोल्डन कार्ड बनाने में तेजी लाएं। कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर सुपोषित करने में तेजी लाई जाए, साथ ही दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने वाली आशा एवं आंगनबाड़ी महिला कार्यकर्ता को दंडित करने और जरूरत पड़ने पर सेवा समाप्त करने को भी कहा।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि चिकित्सा प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा की जाए और चिकित्सालयों में हर हाल में ओपीडी बढ़ाई जाए। बच्चों को हेपेटाइटिस बी का टीका शत-प्रतिशत लगाया जाए। उन्होंने चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिए कि समय से चिकित्सालयों में उपस्थित हों तथा ओपीडी में आने वाले मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें। उन्होंने कहा गोल्डन कार्ड को बनाने में अधिक तेजी लाई जाए। बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित किया जाए तथा लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सुनील वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी तथा समस्त सीएचसी एवं पीएचसी से चिकित्सक मौजूद रहे।